मुंबई से चित्रकूट लाया गया स्वामी सच्चिदानंद का पार्थिव शरीर, CM डॉ. मोहन यादव ने किए अंतिम दर्शन

धारकुंडी आश्रम के संस्थापक स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज का पार्थिव शरीर मुंबई से चित्रकूट लाया गया। सीएम मोहन यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि दी।

मुंबई से चित्रकूट लाया गया स्वामी सच्चिदानंद का पार्थिव शरीर, CM डॉ. मोहन यादव ने किए अंतिम दर्शन

धारकुंडी आश्रम के संस्थापक परम पूज्य महंत स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज का पार्थिव शरीर रविवार को मुंबई से चित्रकूट स्थित धारकुंडी आश्रम लाया गया। उनके अंतिम यात्रा काफिले में 100 से अधिक वाहन शामिल रहे। आश्रम परिसर में भक्तों ने रेड कारपेट बिछाकर और पुष्पवर्षा कर अपने आराध्य को अंतिम विदाई दी। अंतिम दर्शन के लिए आश्रम में 2 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं में गहरा शोक और भावुकता देखने को मिली।

सीएम मोहन यादव समेत कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धारकुंडी आश्रम पहुंचे और स्वामी जी के अंतिम दर्शन कर उनके चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा- स्वामी परमहंस सच्चिदानंद जी महाराज का तप, त्याग और आध्यात्मिक मार्गदर्शन सदैव स्मृतियों में जीवित रहेगा और लोककल्याण की प्रेरणा देता रहेगा।

इसके साथ ही एमपी के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला भी आश्रम पहुंचे। संत स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने अपने गुरुभाई के पार्थिव शरीर के चरणों में शीश झुकाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

अंतिम दर्शन के दौरान चित्रकूट के पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी, सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ‘डब्बू’, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी और सांसद गणेश सिंह भी आश्रम पहुंचे और स्वामी जी को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि स्वामी परमहंस सच्चिदानंद जी महाराज का जीवन अध्यात्म, सेवा और मानव कल्याण को समर्पित रहा है।

यूपी-एमपी बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यूपी-एमपी बॉर्डर पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। चित्रकूट प्रभारी एसपी सत्यपाल सिंह और सतना एसपी हंसराज सिंह स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं। आश्रम से करीब 15 किलोमीटर पहले से पुलिस बल तैनात किया गया है। जिलाधिकारी सतीश कुमार ने एसपी के साथ धारकुंडी आश्रम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।