08 February 2026: 11 लाख की ब्राउन शुगर के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार, पढ़ें इंदौर की खबरें
लसूडिया इलाके में सिंगर निलेश पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब रिसोर्ट में सिंगिंग प्रोग्राम चल रहा था।
क्राइम ब्रांच इंदौर की कार्रवाई: 11 लाख की ब्राउन शुगर के साथ आरोपी अरेस्ट
क्राइम ब्रांच इंदौर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 102.76 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई रेलवे मालगोदाम, लक्ष्मीबाई नगर क्षेत्र में की गई।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद की गई। आरोपी ने कार्रवाई के दौरान भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चिंटू उर्फ चिंट्टी वर्मा निवासी भागीरथपुरा, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें 5 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत हैं। आरोपी रेलवे में ट्रेनों की सफाई का कार्य करता है और उसकी शिक्षा केवल पांचवीं कक्षा तक बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 17/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।
इंदौर के रिसोर्ट में सिंगर पर हमला: मंत्री के नाम से धमकाकर आरोपी फरार
इंदौर के लसूडिया इलाके में शनिवार रात उस समय हंगामा हो गया, जब एक रिसोर्ट में सिंगिंग प्रोग्राम के दौरान गायक पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घटना लसूडिया बायपास रोड स्थित द एस्केप वर्ल्ड रिसोर्ट की है, जहां सिंगर निलेश लाइव परफॉर्मेंस दे रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ शराबी युवक गाना बंद करने की मांग करने लगे। सिंगर द्वारा ध्यान न देने पर एक युवक ने माइक छीन लिया और निलेश को थप्पड़ मार दिया। सिंगर ने जब अपना बचाव किया तो अन्य युवक भी विवाद में शामिल हो गए और मारपीट शुरू हो गई।
हंगामा बढ़ता देख रिसोर्ट के मैनेजर और स्टाफ ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी बदतमीजी की। बताया जा रहा है कि युवकों ने खुद को रसूखदार बताते हुए बीजेपी के एक मंत्री का नाम लेकर धमकियां दीं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी कार से फरार हो चुके थे। पीड़ित सिंगर निलेश ने बाद में थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मारपीट, धमकी और शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अर्धनग्न महिला की मौत का खुलासा: प्रेम विवाद में हत्या, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर के परदेसीपुरा थाना क्षेत्र के सुगनी देवी ग्राउंड में मिली घायल महिला की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शनिवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राउंड में एक महिला अर्धनग्न और गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक युवक महिला को ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी मुकेश कोरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला के साथ पिछले तीन-चार दिनों से रह रहा था। उसे महिला के अन्य लोगों से संबंध होने का शक था, जिससे वह नाराज था। आरोपी महिला को शराब पिलाकर सुनसान जगह ले गया, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने पत्थरों से महिला के चेहरे पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी महिला को मृत समझकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक महिला और आरोपी दोनों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। महिला नशे की आदी बताई जा रही है। पुलिस ने महिला के मृत्यु पूर्व कथन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हीरा नगर पुलिस की कार्रवाई: 2 लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
इंदौर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हीरा नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से करीब 13.30 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। थाना हीरा नगर की टीम इलाके में भ्रमण और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आदित्य गेटवे बिल्डिंग के पीछे दो युवक संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए। पुलिस वाहन देखते ही दोनों युवक भागने लगे, जिससे पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने पीछा कर दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रोहन कदम और गोपाल उर्फ दीपक अहिरवार बताए। पुलिस को उनके पास रखे बैग पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर बैग से भूरे रंग का पाउडर बरामद हुआ, जिसे जांच में ब्राउन शुगर पाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनसे नशीले पदार्थ के स्रोत, सप्लायर और नेटवर्क को लेकर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
भवानी नगर में अवैध शराब पर शिकंजा: 64 लीटर देशी शराब जब्त
इंदौर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बाणगंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश के घर से भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई मोहल्ला समिति की बैठक में मिली शिकायतों के बाद की गई। स्थानीय नागरिकों ने भवानी नगर क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत पुलिस के सामने रखी थी। पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने भवानी नगर में अर्जुन ठाकुर उर्फ अर्जुन पंवार के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 64.14 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार आरोपी एक शातिर बदमाश है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग से साइबर स्टॉकिंग: इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने वाला फरार
इंदौर में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग को परेशान करने का गंभीर मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर एक युवक द्वारा लगातार गंदे और आपत्तिजनक संदेश भेजे जाने से परेशान होकर नाबालिग किशोरी ने हीरा नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी न केवल उसे मैसेज कर रहा था, बल्कि उसके परिचितों को भी अभद्र संदेश भेजने लगा, जिससे उसका मानसिक तनाव बढ़ गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को साइबर स्टॉकिंग मानते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस की साइबर सेल और तकनीकी टीम ने आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट, मैसेज, लिंक और डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच शुरू कर दी है। इंस्टाग्राम से तकनीकी जानकारी भी मंगवाई जा रही है। डीसीपी व्यास ने बताया कि आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर महिलाओं और नाबालिगों को परेशान करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Varsha Shrivastava 
