CSK Head Coach: इयोन मॉर्गन बन सकते हैं चेन्नई सुपरकिंग्स के नए हेड कोच, अश्विन ने दिया बड़ा हिंट
चेन्नई सुपरकिंग्स के नए हेड कोच की रेस में इयोन मॉर्गन का नाम सामने आया है। CSK के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने दावा किया कि अगले सप्ताह तक फैसला हो सकता है।
CSK Head Coach: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान Eoin Morgan चेन्नई सुपरकिंग्स के नए हेड कोच बन सकते हैं. इसे लेकर CSK के पूर्व क्रिकेटर ने भी अपने यूट्यूब चैनल पर हिंट दिया है. हाल ही में MS Dhoni के इंग्लैंड टूर को भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है.
चेन्नई सुपरकिंग्स को एक नए कोच की तलाश लंबे अरसे से है. 19 साल तक टीम के साथ रहने वाले स्टीफन फ्लेमिंग को रिप्लेस करना आसान नहीं होगा. वैसे तो इस पोजिशन के लिए खुद महेंद्र सिंह धोनी का नाम भी चल रहा है. लेकिन, एक और नाम है जिसकी इन दिनों इस पोजिशन के लिए खूब चर्चा हो रही है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन.

दावे तो ये तक किए गए कि महेंद्र सिंह धोनी ने हाल में इंग्लैंड दौरा भी इसी कारण किया था. वो मॉर्गन से CSK के हेड कोच के रोल के लिए ही चर्चा करने गए थे. अब इस मामले को और तूल दे दी है CSK के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने. उनके मुताबिक, CSK मैनेजमेंट अगले सप्ताह तक इस पर फैसला ले सकता है.
अश्विन ने क्या कहा?
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर CSK के हेड कोच को लेकर विकल्पों पर बात की. उन्होंने कहा,
मुझे पक्का यकीन है. मेरे सूत्रों के मुताबिक, इयोन मॉर्गन का नाम CSK के हेड कोच के रोल के लिए चल रहा है. अगले सप्ताह तक कोई फैसला ले लिया जाएगा.
फ्लेमिंग की कोचिंग में CSK ने 5 IPL खिताब जीते. टीम IPL की सबसे सफल टीमों में से एक बन गई. यही कारण है कि उनकी जगह लेना आसान नहीं होगा. मॉर्गन निश्चित रूप से एक दिलचस्प विकल्प होंगे. लेकिन, समस्या ये है कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान के पास कोचिंग का अनुभव नहीं है. 2023 में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद से वह मेनली कमेंट्री करते ही नज़र आए हैं. कभी-कभार वो एक्सपर्ट पैनल में भी रहे हैं.

लेकिन, मॉर्गन जानते हैं कि एक सफल वाइट-बॉल टीम बनाने के लिए क्या चाहिए. उन्होंने बतौर कप्तान इंग्लैंड के खेलने के तरीके में बड़ा बदलाव किया. इसके कारण टीम 2019 में पहला ODI वर्ल्ड कप जीतने में सफल रही. उनकी अगुवाई में इंग्लैंड ने आक्रामक क्रिकेट खेला. उन्होंने अपने खिलाड़ियों पर काफी भरोसा जताया. इसी का टीम को फायदा मिला.
उनका यही अनुभव CSK के लिए फायदेमंद हो सकता है. टीम ट्रांजिशन के फेज से गुजर रही है. 5 बार की चैंपियन टीम पिछले तीन सीज़न से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है. यही कारण है कि अगले हेड कोच की टीम के नेक्स्ट जेनरेशन को आकार देने में अहम भूमिका होगी.
धोनी को बताया सबसे सही विकल्प
हालांकि, मॉर्गन के साथ कोचिंग अनुभव की कमी चिंता की बात तो है ही. जरूरी नहीं कि एक सफल कप्तान, सफल हेड कोच भी हो. IPL कोच को अलग-अलग देशों के खिलाड़ियों के साथ काम करना होता है. बड़े सपोर्ट स्टाफ को मैनेज करना होता है. लंबे टूर्नामेंट के दौरान मुश्किल फैसले लेने होते हैं. CSK में एमएस धोनी भी हैं. उनका फ्रेंचाइजी पर काफी प्रभाव है. ऐसे में अश्विन का भी मानना तो यही है कि हेड कोच की भूमिका के लिए धोनी ज्यादा सही विकल्प हो सकते हैं.

अश्विन ने आगे कहा,
व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि यह ज़िम्मेदारी एमएस धोनी को मिलेगी. बाकी लोग उनका साथ देंगे. यह सही फ़ैसला होगा. मेगा ऑक्शन में बस एक साल ही बचा है. ऐसे में फ्लेमिंग की जगह किसी और को लाना थोड़ा देर से उठाया गया कदम होगा.
एमएस धोनी से बेहतर CSK के सेटअप को शायद ही कोई समझे. लेकिन, ये देखने लायक होगा कि वो हेड कोच की भूमिका निभाना चाहते हैं या नहीं. वहीं, मॉर्गन का आना एक बिल्कुल अलग दिशा होगी. उनके पास लीडरशिप का अनुभव है. टीम के नज़रिए को बदलने का ट्रैक रिकॉर्ड भी है. लेकिन, वो कभी हेड कोच की कुर्सी पर नहीं बैठे हैं. अगर CSK उस रास्ते पर जाने का फ़ैसला करती है, तो मॉर्गन पर भरोसा जताना होगा. वहीं, मॉर्गन को एक सफल इंटरनेशनल कप्तान से फ्रेंचाइजी कोच बनने का सफर तय करना होगा.

