T20 World Cup: आज भारत का दूसरा मैच, नामीबिया से टकराएगी टीम इंडिया
ओपनर अभिषेक शर्मा बीमार हैं, उनकी जगह विकेटकीपर संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंजरी से रिकवर होने के बाद आज वापसी करेंगे।
India Vs Namibia: टी-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में आज भारत का सामना नामीबिया से होगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। टॉस शाम 6.30 बजे होगा। पहले मैच में भारत ने अमेरिका को हराया था, जबकि नामीबिया को नीदरलैंड के खिलाफ हार मिली थी। आज का मैच जीतकर भारत ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में ऊपर पहुंच सकता है, वहीं नामीबिया के पास भी जीत के बाद नंबर-2 की स्थिति बनाने का मौका होगा।
सैमसन हो सकते हैं शर्मा के विकल्प, बुमराह की वापसी
भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता ओपनर अभिषेक शर्मा की तबियत है। वह बीमार हैं और आज के मैच में खेलना मुश्किल है। उनके स्थान पर विकेटकीपर संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। इसके साथ ईशान किशन ओपनिंग करते नजर आएंगे।
कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले मैच में 84 रन बनाकर शानदार फॉर्म में दिखे थे। अमेरिका के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए थे और अर्शदीप सिंह को 2 विकेट मिले थे। चोट से उबर चुके तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आज वापसी करेंगे। इस वजह से अर्शदीप या सिराज में से किसी एक को बेंच पर बैठना पड़ सकता है।
नामीबिया की टी-20 वर्ल्ड कप यात्रा
नामीबिया ने अब तक टी-20 वर्ल्ड कप में 16 मैच खेले हैं। इनमें टीम ने 4 में जीत हासिल की और 11 में हार का सामना किया। एक मैच टाई भी रहा। 2022 में नामीबिया ने श्रीलंका को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। भारत से नामीबिया का सामना 2021 में हुआ था, जिसमें उन्हें हार मिली थी।
नामीबिया ने पहले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना किया। टीम आज भी हारती है तो सुपर-8 में प्रवेश मुश्किल हो जाएगा। पहले मैच में जैन निकोल लोफ्टी-ईटन ने 42 रन बनाए और एक विकेट लिया। लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने भी एक विकेट लिया था।
पिच और मौसम की जानकारी
अरुण जेटली स्टेडियम में पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल है। पिछली बार नामीबिया ने यहां केवल 156 रन बनाए थे और नीदरलैंड ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था। इस बार भी टॉस जीतने वाली टीम चेज करना पसंद कर सकती है। मौसम की बात करें तो दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 12 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मैच शाम को होने के कारण मौसम ठंडा रहेगा।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह/मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।
नामीबिया: लौरेन स्टींकैंप, जैन फ्रायलिंक, जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन, जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जैन ग्रीन (विकेटकीपर), डायलन लीचर, रूबन ट्रम्पलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हिंगो।
Varsha Shrivastava 
