इंदौर: अमेरिका ट्रेड डील पर सुप्रिया श्रीनेत का मोदी सरकार पर हमला, भागीरथपुरा कांड पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मांगा इस्तीफा
AICC सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने बुधवार को इंदौर में मोदी सरकार की अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को लेकर बड़ा हमला बोला।
AICC सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने बुधवार को इंदौर में मोदी सरकार की अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को लेकर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समझौता भारत की अर्थव्यवस्था, किसानों, मजदूरों और घरेलू उद्योगों को तबाह कर देगा। सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी दबाव में आकर जीरो परसेंट टैरिफ पर अमेरिकी उत्पादों के आयात की राह खोल दी, जिससे भारत का बाजार पूरी तरह अमेरिकी कब्जे में जाने की कगार पर है।

सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार और उसके मंत्री इस ट्रेड डील पर “बल्ले-बल्ले” कर रहे हैं, जबकि इसका सबसे बड़ा नुकसान किसानों, छोटे उद्योगों और मजदूरों को होगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी का नाम तो लेती है, पर डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर एक शब्द नहीं बोल रही यह चुप्पी ही बताती है कि समझौता देश हित में नहीं, ‘अमेरिका हित’ में किया गया है।
भागीरथपुरा दूषित पानी से मौतों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार
भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई 32 मौतों को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इंदौर पहुंचकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने इस त्रासदी को प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि सीधे तौर पर 'सिस्टम का फेल्योर' करार दिया है।
प्रेस से चर्चा करते हुए श्रीनेत ने कहा कि एक तरफ सरकार 'विकसित भारत' के बड़े-बड़े दावे कर रही है। दूसरी तरफ देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में लोग जहरीला पानी पीकर जान गंवा रहे हैं। सरकार नागरिकों को बुनियादी जरूरत यानी साफ पानी तक मुहैया नहीं करा पा रही है, तो विकास की बातें बेमानी हैं।
दरअसल, भागीरथपुरा कांड पर यूथ कांग्रेस के जन जागरण अभियान में शामिल होने इंदौर पहुंची सुप्रिया श्रीनेत ने भागीरथपुरा मुद्दे पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से तत्काल इस्तीफे की मांग की। साथ ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की भी जोरदार मांग उठाई। जन-जागरण रैली में शामिल होने के बाद उन्होंने प्रेस क्लब में मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है जबकि पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा।
इंदौर की छवि पर लगा दाग, कांग्रेस प्रवक्ता ने रखी 3 डिमांड
देश के सबसे स्वच्छ शहर के एक इलाके में एक साथ इतनी मौतों ने नगर निगम और पीएचई (PHE) विभाग की पोल खोल दी है। कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने तीन मांगे रखीं।
- विधायक का इस्तीफा: भागीरथपुरा क्षेत्र के विधायक तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
- अधिकारियों पर FIR: जिन अधिकारियों की निगरानी में यह लापरवाही हुई, उन पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो।
- मुआवजा: जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 1-1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए।
जल जीवन मिशन के बजट पर उठाए सवाल
सुप्रिया श्रीनेत ने आंकड़ों का हवाला देते हुए 'जल जीवन मिशन' की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा किया। आरोप लगाया है कि योजना के लिए आवंटित 68,000 करोड़ रुपए के बजट में से अब तक केवल 17,000 करोड़ रुपए ही खर्च किए गए हैं। सरकार जनता की मूलभूत सुविधाओं पर पैसा खर्च करने के बजाय सिर्फ कागजी योजनाओं में व्यस्त है। इंदौर जैसी घटनाएं नोएडा और गुजरात में भी हो चुकी हैं, लेकिन सिस्टम ने कोई सबक नहीं लिया।

