जबलपुर में सड़क पर बछड़े का कटा सिर मिलने से हड़कंप, VHP ने बताया माहौल बिगाड़ने की कोशिश

जबलपुर में सड़क किनारे बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

जबलपुर में सड़क पर बछड़े का कटा सिर मिलने से हड़कंप, VHP ने बताया माहौल बिगाड़ने की कोशिश
GOOGLE

जबलपुर में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे बछड़े का कटा हुआ सिर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे। हालात को देखते हुए मदन महल और गोरखपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, महानता क्षेत्र के पास से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने सड़क पर बछड़े का कटा सिर देखा, जिसके बाद उन्होंने हिंदू संगठनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

विश्व हिंदू परिषद के जिला सहमंत्री विशाल नामदेव ने कहा कि यह घटना शहर का माहौल खराब करने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ गौ अधिनियम और धार्मिक उन्माद से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की मांग की। वहीं VHP सदस्य विकास खरे ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो संगठन प्रदर्शन करेगा। गोरखपुर थाना पुलिस ने संगठन की शिकायत पर BNS की धारा 325 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही, बरामद अवशेषों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।