रीवा में सबसे बड़ी नार्को स्ट्राइक, 10 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद

रीवा में सबसे बड़ी नार्को स्ट्राइक 10 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद, ऑपरेशन प्रहार-2 और जन चौपाल का दिखा असर, आईजी के निर्देश पर साइबर सेल-पुलिस टीम ने सोनवर्षा में दी दबिश

रीवा में सबसे बड़ी नार्को स्ट्राइक, 10 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद

राजेंद्र पयासी रीवा: विंध्य क्षेत्र के इतिहास में नशे के खिलाफ सबसे बड़ी कार्यवाही हुई है। आईजी गौरव राजपूत को मिली मुखबिर की सटीक सूचना पर एसपी डॉ. गुरकरण सिंह के निर्देश पर गढ़ थाना लालगांव पुलिस और आईजी साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सोनवर्षा गांव में छापा मारकर लगभग 3 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

पुलिस के अनुसार एमडी एक सिंथेटिक ड्रग है जिसकी सप्लाई पार्टी और कॉलेज नेटवर्क के जरिए की जाती थी। सूचना मिलते ही टीम ने रात में घेराबंदी कर गांव में दबिश दी। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के पैकेट्स में छिपाकर रखी गई 3 किलो 12 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस ड्रग की सप्लाई नागपुर सहित अन्य राज्यों के एक बड़े सिंडिकेट से जुड़ी है।

बता दें कि इस कार्यवाही से महज 24 घंटे पूर्व मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बिझौली गांव में करीब सवा करोड़ की एमडी ड्रग्स के जखीरे में पुलिस ने छापा डाला था। इसी कड़ी को अनवरत गति देते हुए आईजी गौरव राजपूत के दिशा निर्देशन में की गई बड़ी कार्यवाही में अब रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी क्षेत्र के सोनवर्षा गांव से 10 करोड़ के मेडिकल नसे की अवैध फैक्ट्री में छापामार कार्यवाही कर दो आरोपियों को पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लेकर पूरे सिस्टम की छानबीन की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्यवाही की सराहना की है। उनका कहना है कि नशे के कारण गांव के युवा बर्बाद हो रहे थे। अब पुलिस की सक्रियता से इलाके में राहत मिली है।पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द होगी।