भारत-इंडोनेशिया के बीच कई बड़े समझौते, ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल की डील पर लगी मुहर, UPI भी होगा लिंक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल डील, UPI पेमेंट सिस्टम लिंक, EVM सहयोग, रेयर अर्थ मिनरल्स और सबांग पोर्ट विकास समेत कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए.

भारत-इंडोनेशिया के बीच कई बड़े समझौते, ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल की डील पर लगी मुहर, UPI भी होगा लिंक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दौरान भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों को नई मजबूती मिली है. मंगलवार को दोनों देशों के बीच रक्षा, डिजिटल पेमेंट, चुनावी तकनीक, रेयर अर्थ मिनरल्स और समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर समेत कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए. सबसे बड़ी बात यह रही कि इंडोनेशिया ने भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और अस्त्र एयर-टू-एयर मिसाइल खरीदने का फैसला किया है.

इंडोनेशिया खरीदेगा ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल

भारत और इंडोनेशिया के बीच हुए रक्षा समझौते के तहत इंडोनेशिया भारतीय ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली खरीदेगा. इसके साथ ही भारत अतिरिक्त मिसाइल बैटरियां भी उपलब्ध कराएगा. इस डील के साथ इंडोनेशिया, फिलीपींस और वियतनाम के बाद ब्रह्मोस खरीदने वाला तीसरा देश बन गया है. इसके अलावा इंडोनेशिया भारतीय अस्त्र एयर-टू-एयर मिसाइल भी खरीदेगा. यह मिसाइल भारतीय वायुसेना की प्रमुख स्वदेशी मिसाइलों में शामिल है, और इसकी मारक क्षमता और सटीक निशाना लगाने की क्षमता को देखते हुए इसे भारतीय रक्षा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि माना जाता है.

इंडोनेशिया में EVM बनाने में करेगा भारत सहयोग

दोनों देशों के बीच एक अहम समझौता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर भी हुआ. भारत इंडोनेशिया को उसकी जरूरत के मुताबिक विशेष EVM विकसित करने और तैयार करने में तकनीकी सहयोग देगा. इसे भारतीय चुनावी प्रणाली और चुनाव आयोग की तकनीक पर बढ़ते वैश्विक भरोसे के रूप में देखा जा रहा है.

रेयर अर्थ और स्टील सेक्टर में बढ़ेगी साझेदारी

भारत और इंडोनेशिया ने क्रिटिकल मिनरल्स और स्टील सेक्टर में सप्लाई चेन मजबूत करने पर भी सहमति जताई है. भारत इंडोनेशिया में रेयर अर्थ मैटेरियल से जुड़े प्रोजेक्ट्स में निवेश करेगा. साथ ही दोनों देशों की कंपनियां स्टेनलेस स्टील और रेयर अर्थ मैग्नेट के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगी.

सबांग पोर्ट का होगा संयुक्त विकास

दोनों देशों ने इंडोनेशिया के रणनीतिक महत्व वाले सबांग पोर्ट के विकास पर भी सहमति बनाई है. मलक्का जलडमरूमध्य के पास स्थित यह बंदरगाह समुद्री व्यापार और सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. यह भारत के ग्रेट निकोबार पोर्ट प्रोजेक्ट के भी काफी करीब स्थित है.

UPI और इंडोनेशिया की पेमेंट सिस्टम होंगे लिंक

डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में भी दोनों देशों ने बड़ा कदम उठाया है. भारत की यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) सेवा को जल्द ही इंडोनेशिया के डिजिटल पेमेंट सिस्टम से जोड़ा जाएगा. इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और सीमा पार भुगतान पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा.

भारत-इंडोनेशिया संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

विशेषज्ञों का मानना है कि इन समझौतों से भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा सहयोग, आर्थिक साझेदारी, डिजिटल कनेक्टिविटी और समुद्री सुरक्षा को नई दिशा मिलेगी. खासकर ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल की डील भारत के रक्षा निर्यात को भी बड़ी मजबूती देने वाली मानी जा रही है.