लीवर फेल्योर से जूझ रही 6 साल की मासूम को एयरलिफ्ट कर भोपाल AIIMS रेफर किया
रीवा में गंभीर लीवर फेल्योर से पीड़ित 6 वर्षीय बच्ची को समय रहते एयर एंबुलेंस से भोपाल AIIMS रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
विंध्य क्षेत्र में शुरू की गई एयर एंबुलेंस सेवा लगातार जरूरतमंद मरीजों के लिए जिंदगी बचाने वाली साबित हो रही है। इसी कड़ी में रीवा से एक बार फिर एयर एंबुलेंस की मदद से समय रहते एक मासूम बच्ची को बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा गया।
मऊगंज के रहने वाले रोहित दुबे की 6 वर्षीय बेटी अनवी दुबे गंभीर लीवर फेल्योर की बीमारी से पीड़ित है। बच्ची की हालत लगातार बिगड़ रही थी, जिसके चलते उसे तुरंत हाई लेवल इलाज की जरूरत पड़ी। डॉक्टरों की सलाह पर बच्ची को भोपाल के AIIMS अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची को पहले रीवा के संजय गांधी अस्पताल के PICU वार्ड में भर्ती कराया गया था। जांच में लीवर फेल्योर की पुष्टि होने के बाद बुधवार को उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। स्थिति गंभीर देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने परिवार की सहमति लेकर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की।
मेडिकल टीम की निगरानी में बच्ची को 108 एंबुलेंस से रीवा एयरपोर्ट ले जाया गया। इस दौरान डॉक्टर अभिनव अवस्थी और एंबुलेंस चालक आजाद शाह मौजूद रहे। सभी जरूरी फॉर्मेलिटीज पूरी करने के बाद बच्ची को एयर एंबुलेंस से सुरक्षित रूप से भोपाल AIIMS पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
Saba Rasool 
