मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 365 ग्राम गांजा और 18 शीशी कफ सिरप जब्त
ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत मऊगंज पुलिस ने 24 घंटे में दो कार्रवाई कर 365 ग्राम गांजा और 18 शीशी कफ सिरप जब्त की। दो मामले दर्ज किए गए।
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत मऊगंज पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो अलग-अलग कार्रवाई की हैं। पुलिस ने 365 ग्राम गांजा और 18 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त की है। कार्रवाई में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, एक अन्य मामले में फरार चल रहे आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

गांजा के साथ महिला गिरफ्तार
थाना नईगढ़ी पुलिस को 11 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम भीर के पास एक महिला गांजा लेकर मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और महिला के कब्जे से 365 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस ने आरोपी गीता कुशवाहा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

18 शीशी कफ सिरप के साथ दो युवक पकड़े
इसी दिन थाना हनुमना पुलिस को नेशनल हाईवे पर दो युवकों के नशीली कफ सिरप बेचने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर विकास विश्वकर्मा और राहुल सेन को पकड़ा।तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 18 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप मिली। जब्त सिरप की कीमत 3,627 रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 और मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है।

10 हजार का इनाम घोषित
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि थाना मऊगंज में एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में वांछित राजकिशोर उर्फ राजू पटेल निवासी पहाड़ी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी थाना मऊगंज के अपराध क्रमांक 491/2025 सहित अन्य मामले में वांछित है।पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Anubhav Dubey 
