इंदौर में अवैध वृद्धाश्रम सील, बुजुर्ग महिला से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की कार्रवाई
नगर निगम की जमीन पर 4 साल से चल रहा था अवैध वृद्धाश्रम, 31 बुजुर्गों को सुरक्षित आश्रमों में भेजा गया
इंदौर नगर निगम की जमीन पर बनी पानी की टंकी के नीचे चार साल से अवैध रूप से संचालित वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिला से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने आश्रम को सील कर दिया है जबकि नगर निगम के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी नहीं थी।

वहीं, जिला प्रशासन ने 31 बुजुर्गों को अन्य पंजीकृत आश्रमों में भेज दिया गया है। महापौर ने पूरे मामले की जांच के आदेश देते हुए संरक्षण देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में पानी की टंकी के नीचे पिछले चार वर्षों से संचालित हो रहे इस अवैध वृद्धाश्रम का मामला सामने आने के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिसमें बुजुर्ग महिला की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने संचालिका को तलब कर पूछताछ की। जिसमें आश्रम के पास संचालन के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति नहीं थी।

इसके बाद सामाजिक न्याय विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में आश्रम को सील कर दिया गया। आश्रम में रह रहे सभी 31 बुजुर्गों को अन्य वृद्धाश्रमों में स्थानांतरित किया गया है। वहीं इस मामले में एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है, जबकि न्यायालय ने भी इस गंभीर प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेते हुए सुनवाई शुरू कर दी है।

रूबीना मिजवानी, एसीपी
इस मुद्दे पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मामले को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्पष्ट कहा कि टंकी के प्रभारी सहित जिन अधिकारियों और कर्मचारियों के संरक्षण में यह अवैध गतिविधि चल रही थी, उन सभी की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Varsha Shrivastava 
