ताई से मिले जीतू पटवारी, सुमित्रा महाजन ने कहा- लोकतंत्र में विपक्ष को ताकत के साथ मुद्दे उठाने चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से उनके निवास पर मुलाकात की।

ताई से मिले जीतू पटवारी, सुमित्रा महाजन ने कहा- लोकतंत्र में विपक्ष को ताकत के साथ मुद्दे उठाने चाहिए।
Jitu Patwari meet Sumitra Mahajan

इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी 16 जनवरी शुक्रवार को पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से मिलने उनके निवास पहुंचे। इस दौरान पीसीसी चीफ के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के लगातार बढ़ते आंकड़ों के बीच यह मुलाकात औपचारिक रही, लेकिन बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस दौरान पटवारी ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं समाधान ज़रूरी है।

मध्यप्रदेश का 70% पानी पीने लायक नहीं

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में जीतू पटवारी ने कहा कि एनजीटी की रिपोर्ट प्रदेश सरकार के लिए आईना है। जिसमें साफ कहा गया है कि मध्यप्रदेश का 70% पानी पीने लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मसला राजनीति से ऊपर है। एक गिलास शुद्ध पानी हर नागरिक को मिले, यही हमारी लड़ाई है। मौतें किसी राजनैतिक दल की नहीं, बल्कि इंसानों की हैं। 24 लोगों की मौत मामूली घटना नहीं है। पटवारी ने ताई की सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि सुमित्रा महाजन हमेशा गंभीर मुद्दों पर चिंता जताती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आरोप–प्रत्यारोप की बजाय दूषित पानी की समस्या का ठोस समाधान खोजे। इंदौर के भविष्य, बच्चों के स्वास्थ्य और बढ़ती बीमारियों को देखते हुए अब गंभीर कार्रवाई जरूरी है। पटवारी ने यह भी बताया कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में पानी का सोशल ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। राहुल गांधी शुक्रवार को इंदौर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलेंगे, अस्पतालों का दौरा करेंगे और मीडिया से भी बात करेंगे। प्रशासन द्वारा अनुमति न दिए जाने पर उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि विशेषज्ञों और बुद्धिजीवियों को शामिल कर समाधान पर चर्चा करने का मौका मिलना चाहिए था।

लोकतंत्र में विपक्ष को ताकत के साथ मुद्दे उठाने चाहिए

वहीं, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि पटवारी उनसे पहले भी मिलते रहे हैं और वह अच्छा काम करने वाला लड़का है। उन्होंने बताया कि पटवारी का कहना था कि इंदौर में जगह-जगह खराब पानी की समस्या है, जिसका समाधान सभी को मिलकर करना चाहिए। इस पर सुमित्रा महाजन ने सुझाव दिया कि शहर की संस्थाओं आईआईटी, आईआईएम सहित के विशेषज्ञों के साथ सामूहिक बैठक कर तकनीकी सुझाव सरकार को भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को ताकत के साथ मुद्दे उठाने चाहिए।