जूनी इंदौर नाबालिग मारपीट केस में सनसनीखेज मोड़, आरोपी की बहन ने सुसाइड नोट लिखकर जान देने की कोशिश

जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में नाबालिग से मारपीट और वीडियो वायरल करने के मामले में आरोपी बनाए गए एक नाबालिग की बहन ने चार पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर जहर खा लिया।

जूनी इंदौर नाबालिग मारपीट केस में सनसनीखेज मोड़, आरोपी की बहन ने सुसाइड नोट लिखकर जान देने की कोशिश

इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों नाबालिग से मारपीट और वीडियो बनाने का जो मामला सामने आया था, उसमें अब एक सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस मामले में आरोपी बनाए गए एक नाबालिग की बहन ने 4 पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर जान देने की कोशिश की है। गंभीर हालत में किशोरी का इलाज अस्पताल में जारी है, लेकिन अस्पताल से आए उसके एक वीडियो ने पुलिस जांच और पूरी कहानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, कुछ दिनों पहले जूनी इंदौर थाने में एक पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाबालिग बेटे को उसके ही साथियों ने निर्वस्त्र कर पीटा और वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस ने इस पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। लेकिन अब इस मामले में एक नया और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है।

इस केस के एक आरोपी की बहन ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। अस्पताल के बेड से किशोरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में किशोरी ने रोते हुए आरोप लगाया है कि उसके भाई को इस पूरे मामले में साजिश के तहत फंसाया गया है। किशोरी का दावा है कि एक युवक ने उसके भाई से बदला लेने के लिए उसका इस्तेमाल किया और पूरे परिवार को प्रताड़ित किया।

वहीं, पीड़िता ने अपने सुसाइड नोट और वीडियो में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उस युवक ने उसकी माँ से 10 लाख रुपये भी ऐंठ लिए हैं। झूठे केस और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। फिलहाल किशोरी की हालत स्थिर बनी हुई है और पुलिस अब इस नए साजिश वाले एंगल से पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई है।