भागीरथपुरा कांड: राज्य स्तर की उच्च समिति का गठन, जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी कमेटी
भागीरथपुरा में प्रदूषित जल आपूर्ति की गंभीर घटना को लेकर राज्य शासन ने बड़ा कदम उठाया। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत समीक्षा के लिए राज्य स्तर की उच्च समिति का गठन किया गया है, जो मामले की गहराई से जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
इंदौर। भागीरथपुरा इलाके में प्रदूषित जल आपूर्ति की गंभीर घटना को लेकर राज्य शासन ने बड़ा कदम उठाया है। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत समीक्षा के लिए राज्य स्तर की उच्च समिति का गठन किया गया है, जो मामले की गहराई से जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
भागीरथपुरा क्षेत्र में हुई प्रदूषित जल आपूर्ति की घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन ने अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन संजय कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में एक राज्य स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी पी. नरहरि और आयुक्त संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास संकेत भोडवे को सदस्य बनाया गया है। वहीं, आयुक्त इंदौर संभाग डॉ. सुदाम खाड़े को समिति का सदस्य-सचिव नामित किया गया है।
यह समिति भागीरथपुरा में घटित घटना के वास्तविक कारणों की जांच, आवश्यक तथ्यों का परीक्षण और घटना से जुड़ी प्रशासनिक, तकनीकी और प्रबंधन की कमियों पर जांच करेगी। इसके साथ ही समिति घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करेगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव और अनुशंसाएं भी देगी। समिति द्वारा तैयार की गई जांच रिपोर्ट यथाशीघ्र, लेकिन अधिकतम एक माह के भीतर राज्य शासन को प्रस्तुत की जाएगी। इस पूरे मामले पर अब शासन की नजर है और जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
