इंदौर नगर निगम का बड़ा फैसला, सफाई मित्रों को हादसे पर 2.50 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता
इंदौर नगर निगम का सफाई मित्रों के लिए बड़ा फैसला: ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार होने पर मिलेगी आर्थिक सहायता, 25 हजार से 2.50 लाख रुपये तक की मिलेगी मदद।
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में नगर निगम ने सफाई मित्रों के हित में बड़ा फैसला लिया है। अब ड्यूटी के दौरान या काम पर आते-जाते समय दुर्घटना होने पर सफाई कर्मचारियों को इलाज के लिए 25 हजार रुपये से लेकर ढाई लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह योजना खास तौर पर उन कर्मचारियों के लिए शुरू की गई है जिन्हें ईएसआईसी का लाभ नहीं मिलता। ये महत्वपूर्ण निर्णय हाल के हादसों को देखते हुए लिया गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता बताया है।
इलाज के खर्च में राहत देने के लिए निगम की सहायता योजना
दरअसल, इंदौर नगर निगम ने सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नई आर्थिक सहायता योजना लागू की है। योजना के तहत ड्यूटी के दौरान या काम पर आते-जाते समय किसी दुर्घटना में घायल होने पर कर्मचारियों को चोट की गंभीरता के अनुसार 25 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 2 लाख 50 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी। इस राशि से कर्मचारियों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

ड्रेनेज और सीवरेज सफाई में लगे कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
इस योजना को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि योजना का लाभ मुख्य रूप से ड्रेनेज और सीवरेज सफाई कार्य में लगे सफाई मित्रों, मस्टर कर्मचारियों, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा, जिन्हें ईएसआईसी की सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के अतिरिक्त भी कर्मचारियों को हरसंभव मदद देने के उद्देश्य से निगम ने अपने बजट में विशेष प्रावधान किया है।
Varsha Shrivastava 
