इंदौर में मामली विवाद में हत्या, नाबालिग समेत चार पुलिस हिरासत में
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ छोटा बांगड़दा इलाके में मामूली सी बाइक टकराने की बात पर कुछ बदमाशों ने एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी।
इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ छोटा बांगड़दा इलाके में मामूली सी बाइक टकराने की बात पर कुछ बदमाशों ने एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे की हत्या
दरअसल यह पूरी घटना इंदौर के छोटा बांगड़दा इलाके की है। मृतक की पहचान संजय सिंह रावत के रूप में हुई है, जो एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी का पुत्र था। जानकारी के मुताबिक, संजय अपने दो साथियों आरव और रितेश के साथ जा रहा था, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे शराब पी रहे कुछ बदमाशों की बाइक से टकरा गई। इसी मामूली बात पर नशे में धुत बदमाशों ने आपा खो दिया और संजय व उसके दोस्तों पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और फिर पत्थर, लोहे की रॉड, चाकू और डंडों से संजय पर टूट पड़े। हमले में संजय को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके साथी आरव और रितेश ने किसी तरह अपनी जान बचाई। लहूलुहान हालत में संजय को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एक्शन में पुलिस,चार लोगों को हिरासत में लिया
मामले की गंभीरता को देखते हुए एरोड्रम पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर इस वारदात में शामिल चार लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिनमें एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) भी शामिल है। पुलिस फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हमले में कुछ और लोग भी शामिल थे।
sanjay patidar 
