Indore Illegal Construction : ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख का स्पॉट फाइन
Indore Illegal Construction : आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए ग्रीन बेल्ट में लगे नए पौधों और पेड़ों को भी उखाड़ दिया गया और वहां बिल्डिंग मटेरियल रख दिया गया था।
Indore Illegal Construction : मध्य प्रदेश। इंदौर नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बॉम्बे हॉस्पिटल रिंग रोड क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट की बाउंड्रीवॉल और जाली फेंसिंग तोड़कर अवैध निर्माण सामग्री रखने के मामले में निगम ने 10 लाख रुपये का स्पॉट फाइन लगाया है। साथ ही मौके से अतिक्रमण भी हटाया गया। ग्रीन बेल्ट से जुड़े मामले में इसे हाल के समय की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

दरअसल, इंदौर नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम बॉम्बे हॉस्पिटल से निपानिया के बीच स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि प्लॉट मालिक द्वारा ग्रीन बेल्ट की बाउंड्रीवॉल और जाली फेंसिंग को तोड़ दिया गया था।

आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए ग्रीन बेल्ट में लगे नए पौधों और पेड़ों को भी उखाड़ दिया गया और वहां बिल्डिंग मटेरियल रख दिया गया था। इसके अलावा चौकीदार के लिए अस्थाई झोपड़ी और शेड भी बना दिया गया था।

बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति का मौके के सामने नए मकान का निर्माण चल रहा है और निर्माण सामग्री रखने के लिए ग्रीन बेल्ट की फेंसिंग हटाई गई थी। निगम ने मौके पर 10 लाख रुपये का स्पॉट फाइन लगाते हुए अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाया। अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने स्पष्ट किया कि ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर निजी निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



