रीवा में बलराम महोत्सव का आयोजन: सीएम ने किसानों से किया वर्चुअल संवाद, प्राकृतिक खेती पर जोर

Balram Krashi Mahotsav : रीवा में कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

रीवा में बलराम महोत्सव का आयोजन: सीएम ने किसानों से किया वर्चुअल संवाद, प्राकृतिक खेती पर जोर

Balram Krashi Mahotsav : रीवा में 21 सितंबर को मध्य प्रदेश शासन की ओर से बलराम महोत्सव का आयोजन किया गया। कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वर्चुअली जुड़े, जबकि उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल कार्यक्रम में मौजूद रहे। महोत्सव के दौरान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी दी गई।

सीएम मोहन यादव ने किसानों से किया संवाद

रीवा की कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम महोत्सव में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वर्चुअली कार्यक्रम में सहभागिता की और किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती और कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत की और किसानों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में किसानों को सरकार की ओर से कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं के बारे में बताया गया।

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान भी अब प्राकृतिक खेती के महत्व को समझने लगे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से किसानों के हित में लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रदेश के किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में मध्य प्रदेश लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश को लगातार सातवीं बार कृषि कर्मठ पुरस्कार मिलना कृषि क्षेत्र में मध्य प्रदेश की उपलब्धियों को दर्शाता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को अपनाने और कृषि क्षेत्र में नए प्रयोग करने की अपील की।