सतना में कट्टा लहराकर दबंगई: आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, घटना स्थल पर कराया पैदल मार्च
सतना के घूरडांग में घर में घुसकर मारपीट और हवाई फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को कोलगवां पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटनास्थल पर आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला। पिस्टल और कारतूस जब्त किए गए।
सतना। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग में घर में घुसकर मारपीट और हवाई फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को उसी घटनास्थल पर ले जाकर पैदल मार्च कराया, जहां उन्होंने कथित तौर पर कट्टा लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र उर्फ शिब्बू सोनी (25), अजय उर्फ अज्जू जायसवाल (24) और दिव्यांशु परिहार (24) के रूप में की है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल और कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपियों पर फरियादी के घर में घुसकर मारपीट करने और हवाई फायरिंग करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार किया।
न्यायालय में पेश किए जाएंगे आरोपी
तीनों आरोपियों को पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को सीएसपी मनीष त्रिपाठी की अगुवाई में अंजाम दिया गया। वहीं, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।

