राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर युवाओं के नाम PM मोदी का संदेश, कहा- पहला वोट बने उत्सव

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं और मतदाता बनने को एक गौरवशाली अवसर बताया है।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर युवाओं के नाम PM मोदी का संदेश, कहा- पहला वोट बने उत्सव

नई दिल्ली: राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं और मतदाता बनने को एक गौरवशाली अवसर बताया है।

प्रधानमंत्री ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने MY-Bharat वॉलंटियर्स को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने आग्रह किया कि जब कोई युवा पहली बार मतदाता बनता है, तो उस खुशी के मौके को मिलकर मनाना चाहिए।

पीएम मोदी ने पत्र में कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी लोकतांत्रिक परंपरा सदियों पुरानी है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि आम चुनाव की शुरुआत 1951 में हुई थी और 1952 में संपन्न पहले चुनाव ने पूरे विश्व को दिखा दिया कि लोकतांत्रिक भावना भारतीयों के स्वभाव में गहरी रची-बसी है। इस वर्ष भारत लोकतंत्र के 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है।

प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र में मतदाता होने को केवल विशेषाधिकार नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि मतदान भारत के भविष्य में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है और हर मतदाता देश का भाग्यविधाता होता है। उंगली पर लगने वाली अमिट स्याही दर्शाती है कि हमारा लोकतंत्र जीवंत है और इसका उद्देश्य व्यापक है।

पीएम मोदी ने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उनके पास देश के भाग्य को बदलने की क्षमता है, इसलिए उनका लोकतंत्र में स्वागत करना आवश्यक है।