नर्मदा जयंती पर बरमान घाट में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नर्मदा जयंती पर नरसिंहपुर के बरमान घाट में कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, मां नर्मदा में स्नान कर भक्तों ने पुण्य लाभ कमाया।
मध्य प्रदेश में मां नर्मदा का प्रकटोत्सव आज पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा घाटों पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया।
बरमान घाट पर रात से उमड़ी भक्तों की भीड़
नर्मदा जन्मोत्सव को लेकर नरसिंहपुर जिले में स्थित पवित्र बरमान घाट पर भक्तों की भीड़ देर रात से ही जुटने लगी थी। सुबह जैसे ही सूरज की पहली किरण मां नर्मदा पर पड़ी, वैसे ही श्रद्धालुओं ने स्नान शुरू कर दिया। घाट पर हर-हर नर्मदे के जयकारे गूंजते रहे।
पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला दोपहर तक जारी रहेगा।
मान्यता: यहीं भगवान ब्रह्मा ने किया था तप
मान्यता है कि इसी तट पर सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा ने तपस्या की थी। इसी कारण नर्मदा जन्मोत्सव के दिन यहां स्नान और पूजन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
इसी आस्था के चलते हर साल नर्मदा जन्मोत्सव पर लाखों की संख्या में मां रेवा के भक्त बरमान घाट पहुंचते हैं और श्रद्धा के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना करते हैं।
DRASHTI JAIN 
