बारापत्थर हत्याकांड: मुख्य आरोपी चंदन यादव यूपी के बांदा से गिरफ्तार

बारापत्थर हत्याकांड के मुख्य आरोपी चंदन यादव को पुलिस ने यूपी के बांदा से गिरफ्तार कर लिया है, उस पर 20 हजार का इनाम घोषित था। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी के पास से पिस्टल बरामद हुई है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

बारापत्थर हत्याकांड: मुख्य आरोपी चंदन यादव यूपी के बांदा से गिरफ्तार
google

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुचर्चित बारापत्थर हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी चंदन यादव को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चंदन पर सतना पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। आरोपी को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे बांदा इलाके से पकड़ा गया, जहां वह मोटरसाइकिल से कहीं जाने की फिराक में था। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी चंदन यादव बांदा क्षेत्र में मौजूद है और वहां से निकलने की तैयारी में है। इस इनपुट पर नागौद पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। सटीक लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जिसका उपयोग उसने अपराध करने में किया था।

गिरफ्तारी के बाद उसे सतना लाया गया है। आरोपी चंदन यादव को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। चंदन यादव इस पूरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और पुलिस रिकॉर्ड में वह एक आदतन अपराधी के रूप में दर्ज है। उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि 5 मार्च की रात नागौद क्षेत्र के बारापत्थर गांव में गोलीबारी की घटना हुई थी। आरोपियों ने बबलू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी, वहीं बबलू के पुत्र राणा यादव को भी गोली मारकर घायल कर दिया गया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी चंदन यादव फरार चल रहा था, जबकि पुलिस ने पूर्व में इस मामले में आलोक सोनी समेत अन्य सहयोगी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इस मामले में नागौद पुलिस पहले ही आलोक सोनी, संजय साकेत और प्रेम पुरवार को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों से पिस्टल, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई थीं। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियों को और मजबूती से जोड़ने में जुट गई है।