BHOPAL:कांग्रेस में बैठकों का दौर तेज,सज्जन सिंह वर्मा बोले- नाराज नेताओं को मनाने की तैयारी
भोपाल में कांग्रेस की लगातार बैठकों के बीच पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने संगठन को मजबूत करने, नाराज नेताओं को मनाने और आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर रणनीति साझा की। साथ ही परिसीमन और अन्य मुद्दों पर भाजपा पर निशाना साधा।
भोपाल: मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए बैठकों का दौर लगातार जारी है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पार्टी स्तर पर महत्वपूर्ण बैठकों के जरिए संगठन को सक्रिय करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
विधानसभा प्रभारियों के साथ लंबी बैठक
उन्होंने बताया कि सभी विधानसभा प्रभारियों को भोपाल बुलाया गया था, जहां करीब 4 से 5 घंटे तक बैठक चली। इस दौरान प्रभारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आश्वासन दिया गया कि एक सप्ताह के भीतर उनका समाधान किया जाएगा।
नाराज नेताओं को साधने की रणनीति
सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पार्टी से नाराज नेताओं को मनाने के लिए घर-घर जाकर संवाद स्थापित किया जाएगा। उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा। उन्होंने माना कि चुनाव में टिकट नहीं मिलने या पद को लेकर अक्सर नाराजगी हो जाती है, जिसे दूर करना जरूरी है।
डेटा तैयार, हर नेता से संपर्क की योजना
उन्होंने बताया कि जिला और राज्य स्तर पर यह डाटा तैयार किया जा रहा है कि किस नेता से किसे संपर्क करना है, ताकि संगठन में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।वर्मा ने कहा कि आज भी कांग्रेस कार्यालय में बैठकों का दौर जारी है, जिसमें जिलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ महिला कांग्रेस की बैठक भी हो रही है।
इंदौर वंदेमातरम मामले में जांच कमेटी गठित
इंदौर के वंदे मातरम विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि इस मामले में कमेटी बना दी गई है। संबंधित पार्षद माफी मांग चुकी हैं और कमेटी जांच कर रही है। जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
परिसीमन पर भाजपा पर साधा निशाना
परिसीमन को लेकर वर्मा ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि यह देश को बांटने का षड्यंत्र है। उन्होंने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर और दक्षिण भारत को अलग करने की कोशिश की जा रही है और परिसीमन का मापदंड उचित नहीं है।
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग से इनकार
उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की क्रॉस वोटिंग नहीं होगी। जीतू पटवारी और उमंग सिंघार द्वारा सभी विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर ली गई है।
कमलनाथ-दिग्विजय सिंह पर बोले वर्मा
कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के नामों को लेकर वर्मा ने कहा कि दोनों ही कांग्रेस के दिग्गज और अनुभवी नेता हैं। अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर करेगा।
sanjay patidar 
