छिंदवाड़ा में EOW का छापा: सेवानिवृत्त SDO के ठिकानों से 5.47 करोड़ की संपत्ति उजागर
छिंदवाड़ा में EOW जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त एसडीओ महेंद्र नागवंशी के ठिकानों पर छापा मारा।
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त एसडीओ महेंद्र नागवंशी के ठिकानों पर छापा मारा। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के सत्यापन के बाद की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

EOW की टीम ने छिंदवाड़ा के परासिया रोड स्थित आवास और ग्राम उसरिया, ग्राम पंचायत गुरैया स्थित आटा मिल सहित दो प्रमुख स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, जो फिलहाल तलाशी की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।
अब तक की जांच में आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर भारी मात्रा में संपत्ति का खुलासा हुआ है। परासिया रोड स्थित आवास से नगद राशि, घरेलू सामान, बीमा पॉलिसियां और कीमती आभूषण बरामद किए गए हैं। जांच में करीब 187 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है और करीब 1 किलो चांदी के आभूषण भी मिले हैं।

इसके अलावा आरोपी के नाम पर एक दुकान, तीन चार पहिया वाहन और तीन दो पहिया वाहन भी पाए गए हैं। बैंक खातों की जांच में महेंद्र नागवंशी के 8, उनकी पत्नी सीमा नागवंशी के 10 और पुत्र के 3 बैंक खाते सामने आए हैं। इन खातों में लाखों रुपये जमा होने की संभावना जताई जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी ने करीब 25 एकड़ कृषि भूमि और 2 भूखंड भी खरीदे हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.76 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं ग्राम उसरिया में स्थित आटा मिल की कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

EOW के अनुसार अब तक की कार्रवाई में कुल लगभग 5.47 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान अभी जारी है और आगे और संपत्तियां मिलने की संभावना है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ EOW की सख्त कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Varsha Shrivastava 
