t-20 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम इंडिया को BCCI देगा ₹131 करोड़, सूर्यकुमार यादव का अनोखा जश्न चर्चा में

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर BCCI ने टीम इंडिया को ₹131 करोड़ इनाम देने का ऐलान किया. अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को हराकर भारत तीसरी बार चैंपियन बना.

t-20 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम इंडिया को BCCI देगा ₹131 करोड़, सूर्यकुमार यादव का अनोखा जश्न चर्चा में

भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया...  वर्ल्ड कप  जीतने के बाद टीम इंडिया पर इनामों की बारिश हो रही है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम के खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सिलेक्टर्स के लिए ₹131 करोड़ के इनाम का ऐलान किया है.

लगातार दूसरी बार चैंपियन बना भारत

टीम इंडिया ने 2024 के बाद 2026 में भी टी-20 वर्ल्ड कप जीत लिया. इसके साथ ही भारत लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया. इतना ही नहीं, भारत अब तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप (2007, 2024 और 2026) जीतने वाला दुनिया का पहला देश भी बन गया है. इससे पहले वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दो-दो बार ही यह खिताब जीत सके हैं. 

घरेलू मैदान पर पहली बार जीता टी-20 वर्ल्ड कप

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को हराया. यह पहली बार है जब भारत ने अपने घरेलू मैदान पर टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती. 2007  साउथ अफ्रीका में चैंपियन, 2024 वेस्टइंडीज में चैंपियन, 2026 भारत में चैंपियन. यानी अब भारत के नाम तीन टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी हो चुकी हैं.

BCCI ने खिलाड़ियों और स्टाफ को दी बधाई

BCCI ने इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सिलेक्टर्स को बधाई दी है. बोर्ड ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और देश को गर्व महसूस कराया. बोर्ड ने उम्मीद जताई कि टीम इंडिया आगे भी इसी तरह दमदार प्रदर्शन करती रहेगी. 

सूर्यकुमार यादव का अनोखा जश्न

वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों के जश्न के कई अंदाज देखने को मिले. टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव गुजरात के गांधीनगर स्थित करीब 500 साल पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी ‘अडालज नी वाव’ में ट्रॉफी के साथ फोटोशूट करते नजर आए. 

सोशल मीडिया पर उनकी ये तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस इसे जीत का सबसे अलग जश्न बता रहे हैं।