मऊगंज कलेक्ट्रेट में भीम आर्मी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

मऊगंज कलेक्ट्रेट में भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी ने NEET पेपर लीक, परीक्षा सुधार और छात्र आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

मऊगंज कलेक्ट्रेट में भीम आर्मी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

राजेंद्र पयासी, मऊगंज

मऊगंज।
NEET पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में सुधार और जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को मऊगंज जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।

जिला संयोजक नीलेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता देने और आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने की मांग की गई। इसके अलावा जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई, छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, सादी वर्दी में मौजूद लोगों की भूमिका और एक्सपायरी आंसू गैस के कथित इस्तेमाल की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई।

प्रदर्शनकारियों ने NEET UG, JEE Main सहित सभी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की। ज्ञापन में परीक्षा शुल्क समाप्त करने, अभ्यर्थियों को निकटवर्ती जिले में परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा नॉर्मलाइजेशन प्रणाली को समाप्त करने की भी मांग शामिल रही।