Jan Vishwas Abhiyan : CM डॉ. मोहन यादव ने लॉन्च किया जन विश्वास पोर्टल, महीने भर में 5.64 लाख शिकायतों का समाधान
Jan Vishwas Abhiyan Portal Launch : सरकार के अनुसार, अभियान के पहले महीने में 5 लाख 64 हजार से ज्यादा CM हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया गया।
Jan Vishwas Abhiyan Portal Launch : भोपाल। मध्य प्रदेश में जनता की शिकायतों और समस्याओं के जल्द समाधान के लिए चल रहे जन विश्वास अभियान को अब ऑनलाइन निगरानी से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने बुधवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान पोर्टल लॉन्च किया। इस पोर्टल पर जिलों में अभियान के तहत किए जा रहे कामों और उनकी उपलब्धियों का पूरा रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिकारियों की मैदानी सक्रियता और जनता से सीधे संवाद की नियमित निगरानी करना है।

7 अगस्त से शुरू हुआ था अभियान
जन विश्वास अभियान की शुरुआत 7 अगस्त 2026 को हुई थी। अब अभियान के चार सप्ताह पूरे हो चुके हैं। सरकार के अनुसार, अभियान के पहले महीने में 5 लाख 64 हजार से ज्यादा CM हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण किया गया।
वहीं लोक सेवा गारंटी के तहत दर्ज 8 लाख 6 हजार से ज्यादा आवेदनों का भी समाधान किया गया है। अभियान के तहत जनप्रतिनिधि और अधिकारी सप्ताह में एक दिन मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं।
हर सोमवार कलेक्टरों को अपडेट करनी होगी रिपोर्ट
नए पोर्टल पर जिलों को हर सप्ताह अभियान की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दर्ज करनी होगी। शुक्रवार तक किए गए कामों की रिपोर्ट संबंधित जिला कलेक्टर को अगले सोमवार तक पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। यह प्रक्रिया अनिवार्य रखी गई है। संभागायुक्त इसकी नियमित निगरानी करेंगे। उनका काम यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी जिलों की रिपोर्ट हर सोमवार को समय पर अपलोड हो जाए।
आज मंत्रालय में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान पोर्टल लॉन्च किया। अभियान के चार सप्ताह सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुके हैं। इसके माध्यम से जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समन्वय से जन समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 2, 2026
पोर्टल पर अभियान के अंतर्गत किए गए भ्रमण, निरीक्षण, जनसंवाद,… pic.twitter.com/fwOfR5UCmy
अधिकारियों के दौरे से लेकर जनसंवाद तक का रिकॉर्ड
पोर्टल पर अधिकारियों के भ्रमण और निरीक्षण की जानकारी भी दर्ज होगी। इसके अलावा जनसंवाद, उद्यम संवाद, यशस्वी संवाद और इंफ्लुएंसर संवाद का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा। जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों की जानकारी भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
हर गतिविधि के साथ फोटो अपलोड करना जरूरी
पोर्टल पर दर्ज हर प्रमुख गतिविधि के साथ फोटो अपलोड करना भी जरूरी होगा। यूजर मैनुअल के अनुसार फोटो का आकार अधिकतम 1 MB रखा गया है। फोटो JPG, JPEG या PNG फॉर्मेट में अपलोड की जा सकेगी। फोटो ऐसी होनी चाहिए, जिससे संबंधित गतिविधि का स्पष्ट प्रतिनिधित्व हो सके।
पूरी कार्रवाई का विवरण 700 शब्दों तक
अधिकारियों को पोर्टल पर गतिविधि की केवल जानकारी ही नहीं देनी होगी, बल्कि पूरी कार्रवाई का संक्षिप्त विवरण भी दर्ज करना होगा। भ्रमण, निरीक्षण और विभिन्न संवाद कार्यक्रमों की कार्रवाई अधिकतम 700 शब्दों में लिखी जा सकेगी। इसके साथ बैठक या संवाद के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश और सुझाव भी बिंदुवार दर्ज करने होंगे।
जनसंवाद में लोगों की संख्या और शिकायत भी दर्ज होगी
जनसंवाद से जुड़ी जानकारी के लिए पोर्टल पर कई विवरण भरने होंगे। इसमें कार्यक्रम की तारीख और नेतृत्व करने वाले अधिकारी का नाम दर्ज किया जाएगा। इसके बाद संवाद का स्थान और कार्यक्रम में शामिल नागरिकों की अनुमानित संख्या बतानी होगी।
लोगों की ओर से सामने आई समस्याओं और शिकायतों का विवरण भी दर्ज करना होगा। इसके साथ पूरी कार्रवाई और दिए गए प्रमुख निर्देश व सुझाव भी पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
उद्यमियों और इंफ्लुएंसर्स का भी रिकॉर्ड
पोर्टल पर उद्यम संवाद और इंफ्लुएंसर संवाद के लिए अलग मॉड्यूल बनाए गए हैं। उद्यम संवाद में शामिल उद्यमियों की अनुमानित संख्या, स्थान और कार्यक्रम की कार्रवाई दर्ज होगी।
इसी तरह इंफ्लुएंसर संवाद में शामिल लोगों की संख्या और कार्यक्रम का स्थान दर्ज किया जाएगा। दोनों गतिविधियों के प्रमुख सुझाव और फोटो भी पोर्टल पर अपलोड होंगे।
नवाचारों को दूसरे जिलों तक पहुंचाने की तैयारी
जन विश्वास अभियान के दौरान जिलों में किए जा रहे नए प्रयोगों और बेहतर कामों को भी पोर्टल पर जगह दी जाएगी। जिलों को ऐसे प्रमुख नवाचारों की जानकारी दर्ज करनी होगी, जिन्हें दूसरे जिले भी लागू कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तर से जुड़े नीतिगत विषय, महत्वपूर्ण निर्देश और प्रमुख सुझाव भी दर्ज किए जाएंगे।

