UCC को लेकर भोपाल में बढ़ी हलचल, शहर काज़ी और विधायक आतिफ़ अकील ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर को सौंपा ज्ञापन
भोपाल में शहर काज़ी सय्यद मुश्ताक, शहर मुफ़्ती अबुल कलाम और विधायक आतिफ़ अकील ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात कर UCC का विरोध दर्ज कराया और ज्ञापन सौंपकर पुनर्विचार की मांग की।
भोपाल: समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज़ हो गई है। भोपाल शहर काज़ी सय्यद मुश्ताक साहब, शहर मुफ़्ती अबुल कलाम साहब और कांग्रेस विधायक आतिफ़ अकील ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात कर यूसीसी के प्रस्ताव पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए समान नागरिक संहिता (UCC) के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूसीसी जैसे संवेदनशील विषय पर किसी भी निर्णय से पहले समाज के सभी वर्गों और संबंधित पक्षों से व्यापक चर्चा और राय ली जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने अपनी चिंताओं से विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराते हुए कहा कि इस विषय का सीधा संबंध विभिन्न समुदायों की धार्मिक और सामाजिक परंपराओं से है। इसलिए सरकार को सभी पक्षों को विश्वास में लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से हुई इस मुलाकात के बाद राजधानी भोपाल के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में यूसीसी को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

