लाड़ली बहनों को आज मिलेगी 38वीं किस्त की सौगात, सीएम मोहन यादव भिंड के लहार से करेंगे राशि ट्रांसफर
भिंड के लहार से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे लाड़ली बहना योजना की राशि अंतरण, 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में आएंगे ₹1,835 करोड़ रुपये
मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज बड़ा दिन है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिला भिंड के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त की राशि का अंतरण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में ₹1,835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करेंगे।
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। योजना के तहत सरकार अब तक 37 किश्तों का नियमित रूप से सफलतापूर्वक भुगतान कर चुकी है। आज जारी होने वाली राशि योजना की 38वीं किस्त होगी, जिसका प्रदेश की लाखों महिलाएं इंतजार कर रही थीं।
322 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम के दौरान भिंड जिले को विकास कार्यों की भी बड़ी सौगात देंगे। वे 238.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 40 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री 83.33 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 नई जनकल्याणकारी परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
Varsha Shrivastava 
