DK शिवकुमार होंगे कर्नाटक के 24वें मुख्यमंत्री, 3 जून को लेंगे CM पद की शपथ

कर्नाटक के नए CM होंगे DK शिवकुमार, बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से चुने ग नेता, 4 डिप्टी CM बनाए जा सकते हैं, सिद्धारमैया और मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे हो सकते हैं कैबिनेट में शामिल

DK शिवकुमार होंगे कर्नाटक के 24वें मुख्यमंत्री, 3 जून को लेंगे CM पद की शपथ

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के तहत उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। शनिवार को बेंगलुरु में हुई कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। मुख्यमंत्री पद से हाल ही में इस्तीफा देने वाले सिद्धारमैया ने स्वयं शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया।

बैठक में कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने शिवकुमार के नाम का समर्थन किया। इसके बाद सभी विधायकों ने एकमत से प्रस्ताव पारित कर उन्हें नया नेता चुन लिया।

3 जून को होगा शपथ ग्रहण समारोह

कांग्रेस नेताओं के अनुसार डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु स्थित लोक भवन के ‘ग्लास हाउस’ में आयोजित किया जाएगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नई सरकार के गठन के साथ मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।

सूत्रों के मुताबिक मौजूदा कैबिनेट के कई मंत्रियों को बाहर किया जा सकता है और नए चेहरों को मौका मिल सकता है। इसमें सिद्धारमैया और मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटों के शामिल होने की चर्चा है। साथ ही राज्य में चार डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

दिल्ली में हुई थी शीर्ष नेतृत्व से बैठक

शिवकुमार 'सीएम रोटेशनल फॉर्मूला' के तहत मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इससे पहले सिद्धारमैया 20 मई 2023 से 28 मई 2026 तक मुख्यमंत्री रहे हैं। सिद्धारमैया ने 28 मई को लोकभवन जाकर राज्यपाल थावरचंद गहलोत के सचिव को इस्तीफा सौंपा था। 

इसके बाद 29 मई को सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नेतृत्व परिवर्तन के अंतिम स्वरूप पर सहमति बनी। कांग्रेस के सत्ता-साझेदारी फार्मूले के तहत सिद्धारमैया ने मई 2023 से मई 2026 तक मुख्यमंत्री पद संभाला। अब पार्टी ने राज्य की कमान डीके शिवकुमार को सौंपने का फैसला किया है।