Illegal Cylinder Storage : इंदौर के रिहायशी इलाके में अवैध गैस सिलेंडरों का भंडाफोड़, 84 सिलेंडर जब्त
Illegal Cylinder Storage : जांच के दौरान मकान से कुल 84 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें 65 भरे हुए कमर्शियल सिलेंडर, 12 घरेलू लाल सिलेंडर और 7 छोटे सिलेंडर शामिल हैं।
Illegal Cylinder Storage : मध्य प्रदेश। इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने अवैध गैस सिलेंडरों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गांधीनगर क्षेत्र के गोमटगिरी जैन मंदिर परिसर के पास महावीर परिसर के रिहायशी इलाके में एक मकान से खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 84 सिलेंडर जब्त किए गए है।

दरअसल, इंदौर खाद्य आपूर्ति विभाग को गांधीनगर क्षेत्र के महावीर परिसर में रिहायशी मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान मकान से कुल 84 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 65 भरे हुए कमर्शियल सिलेंडर, 12 घरेलू लाल सिलेंडर और 7 छोटे सिलेंडर शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रिहायशी इलाके में इन सिलेंडरों का अवैध रूप से क्रय-विक्रय और भंडारण किया जा रहा था। बड़ी संख्या में ज्वलनशील गैस सिलेंडरों का आवासीय क्षेत्र में भंडारण होने से किसी भी हादसे की स्थिति में गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है।

अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त किए गए सिलेंडर किन गैस एजेंसियों से खरीदे गए थे और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

