इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार लीटर घी की बिक्री पर रोक
1.50 करोड़ रुपये के गोवर्धन घी का स्टॉक सीज, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने घी की गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने करीब 25 हजार लीटर घी की बिक्री पर रोक लगा दी है। जांच पूरी होने तक लगभग 1.50 करोड़ रुपये कीमत के गोवर्धन ब्रांड घी के स्टॉक को सीज कर दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान घी के 20 नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, इन नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। इसके अलावा टीम ने गोपीश्री ब्रांड घी के भी 4 सैंपल जांच के लिए लिए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक 312 लीटर घी को जब्त कर रखा गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि यदि जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
Varsha Shrivastava 
