Indore में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते वार्ड प्रभारी रंगे हाथ गिरफ्तार

संबल योजना की राशि जारी कराने के नाम पर रिश्वतखोरी, नगर निगम की वार्ड प्रभारी और सहायक पर केस दर्ज

Indore में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते वार्ड प्रभारी रंगे हाथ गिरफ्तार

Indore लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम की वार्ड प्रभारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला अधिकारी पर संबल योजना के तहत मिलने वाली राशि जारी कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले में एक अन्य वार्ड प्रभारी सहायक को भी आरोपी बनाया गया है।

लोकायुक्त अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत के सत्यापन के बाद यह ट्रैप कार्रवाई की गई। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता आशीष चौधरी के पिता की वर्ष 2025 में मृत्यु हुई थी। इसके बाद संबल योजना के तहत मिलने वाली 2 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कराने के एवज में नगर निगम जोन क्रमांक 13 की वार्ड प्रभारी संध्या पथरोड और वार्ड प्रभारी सहायक हरभजन सिंह सलूजा पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

प्रतिभा तोमर, निरीक्षक, लोकायुक्त कार्यालय

शुरुआत में दो लाख रुपये की राशि के दस प्रतिशत के हिसाब से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में 15 हजार रुपये में सौदा तय हुआ और 5-5 हजार रुपये की तीन किस्तों में रिश्वत देना तय हुआ। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने दीदी गार्डन और बावन कोठी के पीछे पानी की टंकी के पास ट्रैप कार्रवाई की। पहली किस्त के 5 हजार रुपये लेते हुए संध्या पथरोड को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।