Indore News : RE-2 रोड पर फिर शुरू रिमूवल कार्रवाई, 130 बाधक मकान तोड़े जा रहे; भारी पुलिस बल तैनात
Indore News : कार्रवाई के दौरान नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर और एसडीएम घनश्याम धनगर भी मौके पर मौजूद हैं।
Indore News : मध्य प्रदेश। बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच RE-2 रोड (रिंग रोड ईस्ट-2) के अधूरे हिस्से का निर्माण पूरा कराने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने एक बार फिर रिमूवल कार्रवाई शुरू कर दी है। सुबह से भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम सड़क निर्माण में बाधक मकानों को हटाने में जुटी है। कार्रवाई के दौरान शेष 130 बाधक मकानों को तोड़ा जा रहा है। फिलहाल मौके पर कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर और एसडीएम घनश्याम धनगर भी मौके पर मौजूद हैं। पिछले दिनों कार्रवाई के दौरान पथराव की घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बता दें कि, इंदौर के महत्वपूर्ण मास्टर प्लान सड़क के अंतर्गत भूरी टेकरी से नायता मुंडला तक निर्माणाधीन RE-2 निर्माण में शिवनगर, शिव दर्शन नगर मे 130 से अधिक बाधक निर्माण पर रिमूवल कार्रवाई चल रही है।

पहले भी हटाए जा चुके निर्माण
RE-2 रोड निर्माण के लिए प्रशासन और नगर निगम की टीम पहले भी बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई कर चुकी है। बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर क्षेत्र में रहने वाले कई परिवारों के व्यवस्थापन की प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। अब सड़क के शेष हिस्से को निर्माण के लिए खाली कराने के उद्देश्य से बचे हुए बाधक मकानों को हटाया जा रहा है।
लगभग एक किमी हिस्सा अधूरा
जानकारी के मुताबिक, RE-2 रोड की कुल लंबाई 4.25 किलोमीटर और चौड़ाई 45 मीटर है। परियोजना के तहत करीब 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि लगभग एक किलोमीटर हिस्सा बाधक निर्माण के कारण लंबे समय से अधूरा पड़ा है।
इस परियोजना पर अब तक करीब 55 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। शेष हिस्से का निर्माण पूरा होने से सड़क का उपयोग शुरू करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

