Giorgia Meloni ने रचा इतिहास! सबसे लंबे लगातार कार्यकाल में पूरे किए 1413 दिन, PM मोदी ने दी बधाई
Giorgia Meloni Italy longest Serving PM : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने शुक्रवार को लगातार 1413 दिन सत्ता में रहकर नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
Giorgia Meloni Italy longest Serving PM : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री बने रहने का गौरव अपने नाम किया है. इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को बधाई दी. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पोस्ट में पीएम मोदी ने मेलोनी को अपनी मित्र बताते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि इटली के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दिखाती है। उन्होंने कहा कि मेलोनी की दोस्ती भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में भी अहम रही है। मोदी ने दोनों देशों के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए आगे भी मिलकर काम करने की उम्मीद जताई।
Mi congratulo con la mia amica, il Primo Ministro Meloni, per essere diventata il Primo Ministro con il mandato più lungo nella storia del dopoguerra italiano. Questo traguardo riflette la fiducia che il popolo italiano ripone nella sua leadership.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 4, 2026
La sua amicizia è stata…
मेलोनी के लगातार सत्ता में 1413 दिन पूरे
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने लगातार 1,413 दिन सत्ता में रहकर देश में नया रिकॉर्ड कायम किया है। 1946 में इटली गणराज्य बनने के बाद यह किसी एक कैबिनेट का सबसे लंबा लगातार कार्यकाल है। जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। उनकी सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। बर्लुस्कोनी की दूसरी कैबिनेट 2001 से 2005 के बीच 1,412 दिन तक सत्ता में रही थी।

बारी में होगा बड़ा जश्न
रिकॉर्ड कार्यकाल का जश्न मनाने के लिए मेलोनी की पार्टी ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ ने शुक्रवार शाम दक्षिणी शहर बारी में एक बड़ी रैली आयोजित की है। प्रधानमंत्री मेलोनी रैली को संबोधित भी करेंगी। कार्यक्रम में हजारों समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है। समर्थकों को रैली तक पहुंचाने के लिए करीब 80 बसों की व्यवस्था की गई है, जबकि कार्यक्रम स्थल पर लगभग 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। हालांकि, मेलोनी सरकार के आलोचकों का कहना है कि लंबे समय तक सत्ता में बने रहना अपने आप में कोई उपलब्धि नहीं है।

मेलोनी ने भी मोदी को दी थी बधाई
जून 2026 में जब नरेंद्र मोदी ने 4399 दिन लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहकर जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा था, तब इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी उन्हें बधाई दी थी। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “बधाई हो नरेंद्र मोदी। आज आप भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।”
Anjali 
