खेलो एमपी यूथ गेम्स का शेड्यूल जारी, 25 दिसंबर से शुरू होंगी प्रतियोगिता
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने 'खेलो एमपी यूथ गेम्स' के शेड्यूल की घोषणा की है, जिसकी प्री-इवेंट गतिविधियां 25 दिसंबर से शुरू होकर 31 जनवरी 2026 तक चलेंगी।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि 'खेलो एमपी यूथ गेम्स' की- प्री-इवेंट एक्टिविटी 25 दिसंबर से शुरू होगी और प्रतियोगिता 31 जनवरी 2026 तक पूरी हो जाएगी। ब्लॉक स्तरीय चयन स्पर्धा 6 से 15 जनवरी, जिला स्तर की 16 से 20 जनवरी, संभाग स्तर की 21 से 25 जनवरी और राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं 28 से 31 जनवरी तक होंगी। मंत्री श्री सारंग टी.टी. नगर खेल स्टेडियम में आयोजित खेल संघों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इन तिथियों के लिए खेल संघों ने अपनी सहमति जाहिर की।

मंत्री सारंग ने कहा कि—
"राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के उन्नयन के लिए काम कर रही है। युवा खेलों से जुड़ें, इस दिशा में काम किया जा रहा है। साथ ही खिलाड़ियों को उत्कृष्ट बनाने के लिए खेल संघों और विभाग को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स में समन्वय के लिए ऑफिसर भी नियुक्त किए जाएंगे। ज्यादा से ज्यादा खेल प्रेमी इन गेम्स से जुड़ें, इसके लिए ओपनिंग और क्लोजिंग सेरेमनी में उन्हें आमंत्रित करें। नेशनल फेडरेशन को भी अतिथि के तौर पर आमंत्रित करने को कहा गया।"

मंत्री श्री सारंग ने आगे कहा कि—
"मध्य प्रदेश हॉकी में नंबर एक स्थान प्राप्त करे, इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। यूथ गेम्स जो खेल जहाँ प्रचलित है, वहाँ करवाने का सुझाव दिया गया है। सोशल मीडिया के जरिए यूथ गेम्स का प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया। बताया गया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स में कुल 27 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। राज्य स्तरीय आयोजन शिवपुरी, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, नर्मदापुरम और सागर में प्रस्तावित हैं। विभिन्न खेलों में कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, खो-खो, रस्साकशी, पिट्टू, क्रिकेट, एथलेटिक्स, कुश्ती, बॉक्सिंग, जूडो, बैडमिंटन, मल्लखंब, टेनिस, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, योगासन, तैराकी, शतरंज, ताइक्वांडो, शूटिंग, कयाकिंग-कैनोइंग, फेंसिंग, रोइंग और आर्चरी शामिल हैं।"

