यतीम बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगा Waqf : 289 छात्रों की फीस का करेगा भुगतान, सनवर पटेल ने दिया बड़ा बयान
MP Waqf Board : अध्यक्ष सनवर पटेल ने बताया कि वक्फ बोर्ड को यतीम बच्चों की शिक्षा के लिए कुल 324 आवेदन मिले थे। जांच के बाद 289 आवेदनों को पात्र पाया गया। इन छात्रों की फीस सीधे स्कूलों में जमा कराई जाएगी।
MP Waqf Board : भोपाल। मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने आर्थिक रूप से कमजोर मुस्लिम यतीम बच्चों की शिक्षा में मदद के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने भोपाल में मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि प्राप्त 324 आवेदनों में से 289 आवेदन पात्र पाए गए हैं। इन छात्रों की स्कूल फीस का भुगतान मंगलवार को सीधे संबंधित स्कूलों में किया जाएगा। बोर्ड का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई छूटने और ड्रॉपआउट की समस्या को रोकना है।
289 यतीम छात्रों की फीस का सीधा भुगतान
अध्यक्ष सनवर पटेल ने बताया कि वक्फ बोर्ड को यतीम बच्चों की शिक्षा के लिए कुल 324 आवेदन मिले थे। जांच के बाद इनमें से 289 आवेदनों को पात्र पाया गया। इन छात्रों की फीस सीधे स्कूलों में जमा कराई जाएगी। इससे जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा जारी रखने में मदद मिलेगी। बोर्ड का मकसद है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।
आय का बड़ा हिस्सा शिक्षा पर खर्च
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड को कानून के तहत अपनी आय का 93 प्रतिशत हिस्सा उपयोग करने का अधिकार है। इसमें से 50 प्रतिशत राशि शिक्षा के क्षेत्र में खर्च करने की व्यवस्था की गई है। बोर्ड के पास लगभग 5 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिससे पिछले दो वर्षों में आय अर्जित की गई है। वक्फ संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर पारदर्शिता बढ़ाने का काम भी किया गया है।
विधवा महिलाओं और गरीब परिवारों को सहायता
शिक्षा के साथ महिला कल्याण पर भी बोर्ड काम कर रहा है। औकाफ-ए-अम्मा संस्था के माध्यम से 550 विधवा महिलाओं को हर महीने 500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में भी सहयोग किया जा रहा है। सनवर पटेल ने बताया कि वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई जारी है। उनके अनुसार लगभग 95 प्रतिशत भूमि पर अवैध कब्जा है। किराये पर दी गई संपत्तियों का किराया बढ़ाने के लिए भी कार्रवाई की गई है।
अन्य राज्यों को प्रशिक्षण दे रहा बोर्ड
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सनवर पटेल ने कहा कि बोर्ड की कार्यप्रणाली को देखते हुए केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान वक्फ बोर्ड को प्रशिक्षण देने के लिए मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड का चयन किया है। उन्होंने नए वक्फ कानूनों का विरोध करने वालों को मध्यप्रदेश आकर व्यवस्था देखने की बात कही। संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, शिक्षा और महिला कल्याण के जरिए समाज के कमजोर वर्गों को सहायता देने का काम जारी है।

