मैहर: कुएं में मिला लापता किशोर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रामनगर थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में 16 वर्षीय उमंग यादव का शव कुएं में मिला, दुर्गा प्रतिमा देखने घर से निकला था किशोर

मैहर: कुएं में मिला लापता किशोर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मैहर। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में शनिवार से लापता 16 वर्षीय किशोर का शव रविवार को गांव के ही एक कुएं में मिला। मृतक की पहचान उमंग यादव, पिता मोनू यादव, निवासी पुरैना गांव के रूप में हुई है। किशोर की मौत की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

दुर्गा प्रतिमा देखने निकला था घर से

जानकारी के अनुसार, उमंग यादव शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे घर से दुर्गा प्रतिमा देखने जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद परिजन गांव के एक कुएं के पास पहुंचे, जहां उमंग के कपड़े और चप्पलें पड़ी मिलीं। कुएं में देखने पर उसका शव पानी में दिखाई दिया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मौत की वजह स्पष्ट नहीं, जांच जारी

किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।