मैहर की नई कलेक्टर ने माँ शारदा के दर्शन के बाद संभाला पदभार, व्यवस्थाओं पर जताई सख्त नाराजगी
मैहर की नई कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने पदभार संभालने से पहले मां शारदा के दर्शन किए। पहले ही दिन उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी जताई और सुधार के सख्त निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी।
मैहर: नवनिर्मित मैहर जिले की नई कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी (2015 बैच की आईएएस अधिकारी) ने शनिवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने माँ शारदा धाम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और अपने कार्यकाल की शुरुआत माँ शारदा के आशीर्वाद से की। दोपहर करीब 4 बजे कलेक्ट्रेट भवन पहुंची बिदिशा मुखर्जी ने वहां अधिकारियों की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने जिले की वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
पहले ही दिन सख्त रुख:
पदभार ग्रहण के कुछ ही घंटों के अंदर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई। विशेष रूप से माँ शारदा मंदिर परिसर की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं में कोई भी कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा, “श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की गरिमा बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

प्रशासन में हलचल, जनता में उम्मीद:
कलेक्टर के पहले दिन के सख्त तेवरों से प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई है। वहीं आमजन और श्रद्धालुओं में बेहतर प्रशासन और व्यवस्थाओं की उम्मीद जागृत हुई है। बिदिशा मुखर्जी इससे पहले मध्य प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड में अतिरिक्त प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थीं। उनकी जगह पूर्व कलेक्टर रानी बाटड़ का तबादला किया गया है।
मैहर जिले के लिए नई शुरुआत:
माँ शारदा की पावन नगरी मैहर में नई कलेक्टर के रूप में बिदिशा मुखर्जी के आने से जिले के विकास, पर्यटन और प्रशासनिक सुधार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

