पशुपालकों से सीधा संवाद कर लक्ष्य पूरे करें: अपर कलेक्टर पीके पांडेय
मऊगंज में अपर कलेक्टर पीके पांडेय ने पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक में कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और कामधेनु योजना के लंबित प्रकरणों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए.
राजेंद्र पयासी मऊगंज
मऊगंज. पशुपालन एवं डेयरी विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक सोमवार को अपर कलेक्टर पीके पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरे करने और मैदानी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए.
अपर कलेक्टर ने कहा कि पशुओं की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में कृत्रिम गर्भाधान की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने निर्देश दिए कि पिछली तिमाही के लंबित कार्यों के साथ-साथ आगामी तिमाही के निर्धारित लक्ष्यों को भी तय समय सीमा में पूरा किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
उन्होंने सभी पशु चिकित्सा अधिकारियों और सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर पशुपालकों से सीधा संवाद करें. उनकी समस्याएं सुनें और शासन की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचाएं.
बैठक में डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना की भी समीक्षा की गई. अपर कलेक्टर ने बैंकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए. उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी कारणों से निरस्त हुए आवेदनों को बैंक और आवेदकों से चर्चा कर दोबारा प्रक्रिया में शामिल किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके.
गौशाला प्रबंधन को लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि जिन गौशालाओं में चारा-भूसा प्रबंधन की समस्या है, वहां तत्काल स्ट्रॉरीपर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही जिलेभर में पशुओं को संक्रामक एवं घातक बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान लगातार चलाने पर जोर दिया.
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष नीलम इन्द्रपाल सिंह, एसडीएम एपी द्विवेदी, उप संचालक पशुपालन डॉ. जे.एल. साकेत, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.
Anubhav Dubey 
