मऊगंज में पशु तस्करी का बड़ा खुलासा, 721 बकरियां बरामद, कटनी-जबलपुर नेटवर्क सामने आया
मऊगंज पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 721 बकरियों से लदे दो ट्रकों को जब्त किया है। आरोप है कि इन बकरियों को ठूंस-ठूंसकर क्रूरता के साथ हैदराबाद ले जाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवागत पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र जैन के निर्देश पर थाना प्रभारी रीना सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि टड़हर गांव से बकरियों से भरे ट्रक निकलने वाले हैं। पुलिस टीम ने रात करीब 2 बजे टड़हर में घेराबंदी कर दोनों ट्रकों एमपी 17 जीए 1234 और एमपी 20 एबी 5678 को रोका।

जांच में ट्रकों में 721 बकरियां बेहद दयनीय हालत में मिलीं। कई बकरियां चोटिल हालत में पाई गईं। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई उपरांत तत्काल सभी 721 बकरियों को निबिहा स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में सुरक्षित पहुंचाया गया। गौशाला प्रबंधन को इनकी देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मऊगंज से कटनी-जबलपुर तक फैला नेटवर्क
पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों चालकों ने पूछताछ में खुलासा किया कि यह कारोबार कटनी निवासी शकील खान और जबलपुर निवासी सौरभ द्वारा संचालित किया जाता है। टड़हर निवासी कुदूश अंसारी गांव-गांव से बकरियां इकट्ठा कर ट्रकों तक पहुंचाता था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 और आईपीसी की धारा 429 के तहत मामला दर्ज किया है।

बता दें कि पिछले 1 साल में मऊगंज जिले से 2000 से ज्यादा बकरियां चोरी हो चुकी हैं। जब्त बकरियों की पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है। आशंका है कि इनमें चोरी की गई बकरियां भी शामिल हों। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई उपरांत दोनों ट्रक चालकों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। उधर पुलिस शकील खान, सौरभ और कुदूश अंसारी की तलाश में दबिश दे रही है। वाहनों के मालिक और परमिट की भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि नए पुलिस अधीक्षक के आने के बाद जिले में पशु तस्करी पर यह पहली बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी हनुमना और नईगढ़ी क्षेत्र से ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।

