Mauganj में सड़क नहीं बनने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नईगढ़ी जनपद कार्यालय के सामने धरना
Mauganj के नईगढ़ी जनपद क्षेत्र में बहेरा कोठार के ग्रामीणों ने विधायक निधि से स्वीकृत सड़क निर्माण नहीं होने पर जनपद कार्यालय के सामने धरना दिया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
मऊगंज। जिले के नईगढ़ी जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहेरा कोठार में सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर ग्रामीण पैदल मार्च करते हुए जनपद कार्यालय पहुंचे और सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत बहेरा कोठार के उप सरपंच श्रवण कुमार शुक्ला के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सिगटी कला गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरपंच, सचिव और उपयंत्री पर लापरवाही बरतने तथा स्वीकृत योजना को जमीन पर नहीं उतारने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से गांव के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपात स्थिति में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। वहीं स्कूली बच्चों को भी आवागमन में कठिनाई होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके बाद उन्हें धरने का रास्ता अपनाना पड़ा।
धरना दे रहे ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों और पंचायत पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा स्वीकृत राशि से तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन में रमेश चंद्र साकेत, राज बिहारी साकेत, दिलीप कुमार साकेत, रामराज साकेत, सनत कुमार साकेत, रामलाल साकेत, संतोष गिरी, भैयालाल साकेत, शिवलाल साकेत, नीरज साकेत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक जनपद पंचायत का कोई वरिष्ठ अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचा था।
Anubhav Dubey 
