मऊगंज जनसुनवाई में पहुंचे 154 आवेदन, कलेक्टर संजय कुमार जैन ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
मऊगंज कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में 154 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने अधिकारियों को समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
राजेंद्र पयासी, मऊगंज
मऊगंज। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 154 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने पूर्व सैनिकों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूर्व सैनिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रास्ता अवरुद्ध करने की कई शिकायतें
जनसुनवाई में रास्ता अवरुद्ध किए जाने से संबंधित कई शिकायतें सामने आईं। नईगढ़ी जनपद की पथरौड़ा ग्राम पंचायत से दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि गांव के कुछ लोगों ने पुराने आम रास्ते को कथित रूप से जोत लिया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है।
इसी तरह हनुमना तहसील के करकचहा और मऊगंज तहसील के नौढ़िया गांव से आए लोगों ने भी रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत दर्ज कराई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
अलग-अलग मामलों में अधिकारियों को दिए निर्देश
कुलबहेरिया निवासी साधना सिंह ने आम रास्ते से पेड़ काटने की अनुमति के लिए आवेदन दिया। वहीं, बहेरा कोठार नईगढ़ी निवासी श्रवण कुमार शुक्ला ने नंदन फल उद्यान योजना के तहत मजदूरी भुगतान से संबंधित समस्या रखी। इस मामले में कलेक्टर ने जनपद सीईओ नईगढ़ी को निराकरण के निर्देश दिए।
चौका सोनवर्षा निवासी जगदीश प्रसाद कुशवाहा ने प्रधानमंत्री मार्ग पर बने पुल को बंद किए जाने की शिकायत की। उन्होंने आशंका जताई कि पुल नहीं खोला गया तो क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
पहाड़ी निवासी लल्ला कुशवाहा ने निजी भूमि पर कब्जा दिलाने और फुलहा निवासी रामस्वरूप सोधिया ने भूमिहीन पट्टा प्रदान करने की मांग की। इन मामलों में कलेक्टर ने एसडीएम मऊगंज को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अल्हौआ निवासी श्यामसुंदर शर्मा ने राजस्व रिकॉर्ड में जाति संबंधी त्रुटि सुधारने के लिए आवेदन दिया। वहीं, नईगढ़ी के टटिहरा कला निवासी सुमन सिंह पटेल ने पुश्तैनी भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई।
कोई भी आवेदन लंबित न रहे: कलेक्टर
सभी आवेदनों को सुनने के बाद कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए और किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, डिप्टी कलेक्टर रश्मि चतुर्वेदी सहित राजस्व, पंचायत, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Anubhav Dubey 
