मऊगंज-कटरा हाईवे पर भीषण टक्कर: बाइक-कार-ई-रिक्शा भिड़ंत में वृद्ध महिला की मौत, कई गंभीर घायल
मऊगंज में रफ्तार का कहर। कटरा स्टेट हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा। बाइक, कार और ई रिक्शा के बीच भिड़ंत में वृद्ध महिला की मौत। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल।
मऊगंज से राजेंद्र प्यासी की रिपोर्ट
मऊगंज। जिले के कटरा-मऊगंज मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्रामीण मार्ग से तेज रफ्तार में आ रही बाइक मुख्य मार्ग से गुजर रही कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनियंत्रित कार ओवरलोड सवारियों से भरे ई-रिक्शा से जा भिड़ी। इस हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक, ई-रिक्शा चालक समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नईगढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नईगढ़ी में भर्ती कराया।
ये लोग हुए घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर गांव के पास हुई इस दुर्घटना में बाइक सवार शिवम गौतम (24) और कामतेश्वर त्रिपाठी (30), ई-रिक्शा चालक धर्मेंद्र साकेत (30) निवासी सुमेदा कला, तथा ई-रिक्शा में सवार राजकली कुशवाहा (75), सानू शुक्ला (20), हर्ष पटेल (16), काजल पटेल (18), विमलेश पटेल (37) और धनपति पटेल (43) सभी निवासी ग्राम परसिया, थाना नईगढ़ी घायल हुए।
एक की मौत, पांच की हालत गंभीर
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नईगढ़ी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राजकली कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं धर्मेंद्र साकेत, हर्ष पटेल, काजल पटेल, विमलेश पटेल और धनपति पटेल की हालत गंभीर होने पर उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया है। अन्य घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सुरक्षित हटवाकर खड़ा कराया और वैधानिक कार्रवाई करते हुए मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

