मऊगंज: खेत में मिला अज्ञात युवक का शव, मोबाइल की घंटी सुनकर हुआ खुलासा

मऊगंज के मलकपुर गांव में एक खेत में अज्ञात युवक का शव मिला। खेत से मोबाइल फोन की घंटी सुनकर महिलाओं को युवक के वहां पड़े होने का पता चला। पुलिस ने जांच शुरू की।

मऊगंज: खेत में मिला अज्ञात युवक का शव, मोबाइल की घंटी सुनकर हुआ खुलासा

राजेंद्र पयासी@मऊगंज।

मऊगंज थाना क्षेत्र के मलकपुर गांव में एक खेत में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेत से मोबाइल फोन की घंटी सुनकर महिलाओं को युवक के वहां पड़े होने का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

खेत में अज्ञात युवक का शव

जानकारी के अनुसार, मलकपुर गांव में दिवाकर गिरी के खेत में एक युवक का शव पड़ा था। बताया जा रहा है कि संजय कोल के घर की महिलाएं बर्तन धोने के लिए बाहर निकली थीं। इसी दौरान उन्हें खेत की ओर से मोबाइल फोन की घंटी सुनाई दी। जब महिलाएं मौके पर पहुंचीं, तो वहां एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस ने की घटनास्थल की जांच

मौके पर पहुंची मऊगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार किया। मृतक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में सूचना भेजकर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जानकारी में शव पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान सामने नहीं आए हैं। हालांकि, युवक की मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

इस मामले में एसडीओपी सचि पाठक ने बताया कि मलकपुर गांव में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।