मऊगंज में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 10 खाद्य प्रतिष्ठानों पर केस दर्ज

मऊगंज में ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत 10 खाद्य प्रतिष्ठानों पर केस दर्ज हुआ। भोपाल लैब जांच में आइसक्रीम, मिठाई, पनीर और खोवा के सैंपल फेल पाए गए.

मऊगंज में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 10 खाद्य प्रतिष्ठानों पर केस दर्ज

रिपोर्टर राजेंद्र पयासी मऊगंज 

मऊगंज जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय कुमार जैन के सख्त निर्देशन में चल रहे ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत अमानक और मिथ्याछाप खाद्य पदार्थ बेचने वाले 10 प्रतिष्ठानों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के दौरान आइसक्रीम, मिठाई, पनीर, खोवा समेत कई खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं उतरे।

प्रशासन के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पिछले महीनों में जिले के होटल, स्वीट्स, ढाबा और किराना दुकानों पर जांच अभियान चलाया था। इस दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए थे। लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई

जांच रिपोर्ट के आधार पर पटेल मार्ट मऊगंज से लिए गए वाडीलाल आइसक्रीम के सैंपल को अमानक पाया गया। मामले में विजय पटेल और लाइसेंसी मालिक विनोद पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

वहीं, हीरालाल किराना स्टोर रतनगवां से लिए गए सोनपापड़ी के सैंपल को मिथ्याछाप पाए जाने पर विमलेश कुमार गुप्ता और रामजी गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

मिठाई दुकानों में भी कई सैंपल जांच में फेल हुए हैं। रामगोपाल मिष्ठान भंडार देवतालाब की छेना मिठाई और बर्फी, धर्मदास मिष्ठान भंडार बस स्टैंड का मगज लड्डू, श्याम मिष्ठान भंडार नईगढ़ी की चमचम और बर्फी, महेश स्वीट्स नईगढ़ी की बर्फी तथा शिव भोले समोसा एवं मिष्ठान भंडार देवतालाब की बर्फी और खोवा के सैंपल मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

इसके अलावा राज किराना स्टोर देवतालाब के छोले, मिश्रा डेयरी मऊगंज का पनीर, राजेश किराना एंड जनरल स्टोर खटखरी की सौंफ और शिव भोले समोसा भंडार का खोवा भी जांच में फेल पाया गया।

प्रशासन ने सभी संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत न्यायालय में परिवाद दायर किया है।

त्योहार से पहले बढ़ाई निगरानी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि मिलावट के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए विशेष निगरानी दल गठित किया गया है। बाहर से सस्ती और गुणवत्ता विहीन रेडीमेड मिठाई, खोवा और पनीर लाकर बेचने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

अधिकारी के मुताबिक, सैंपल फेल होने पर संबंधित खाद्य पदार्थ का पूरा स्टॉक जब्त कर बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई भी की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों से अपील की है कि वे मुनाफे के लिए लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न करें और उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराएं। कार्रवाई के बाद आम उपभोक्ताओं और स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन के अभियान की सराहना की है।