Mauganj News : मऊगंज के नईगढ़ी थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक
Mauganj News : मूर्ति विसर्जन जुलूस को नशामुक्त रखने और अवैध शराब पर सख्त कार्यवाही की उठी मांग। थाना प्रभारी अनिल काकड़े ने कहा- कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं।
राजेंद्र पयासी @ मऊगंज
शारदीय नवरात्रि एवं विजयदशमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अनिल काकड़े ने की। इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग, प्रबुद्धजन एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में दुर्गा पंडालों की सुरक्षा, मूर्ति विसर्जन मार्ग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई, ध्वनि विस्तारक यंत्र के मानकों का पालन एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि प्रशासन को विजयदशमी पर्व पर मूर्ति विसर्जन एवं झांकी जैसे आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है तो सबसे पहले नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना जरूरी है। सदस्यों ने सुझाव दिया कि प्रशासन ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे कि मूर्ति विसर्जन जुलूस एवं झांकी के साथ चलने वाला कोई भी व्यक्ति यदि नशे की हालत में पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाए, ताकि आयोजन की गरिमा बनी रहे।
वरिष्ठ समाजसेवी भास्कर गौतम एवं पार्षद रतनलाल मिश्र ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जिले में शासन स्तर से 4 समूहों को लाइसेंसी शराब बिक्री की अनुमति दी गई है, जिनके माध्यम से 16 दुकानें संचालित हैं। उनका कहना था कि इसके बावजूद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब बिक्री होने की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। श्री गौतम ने कहा कि कथित तौर पर कुछ स्थानों पर विद्यालयों के आसपास भी ऐसी गतिविधियों की चर्चा है, जो चिंता का विषय है।

उनकी बात का समर्थन करते हुए उपस्थित लोगों ने कहा कि पुलिस द्वारा पूर्व में की जाने वाली आकस्मिक छापामार कार्यवाही की तरह ही वर्तमान में भी नियमित अभियान चलाया जाना चाहिए। लोगों का कहना था कि केवल एक निश्चित तिथि को सीमित मात्रा में प्रकरण दर्ज करने के बजाय सघन छापामार कार्यवाही कर नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए जाएं, ताकि अवैध नशा कारोबार पर प्रभावी रोक लग सके।
थाना प्रभारी अनिल काकड़े ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहेगी, विसर्जन मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे और प्राप्त शिकायतों पर विधि-सम्मत कार्यवाही की जाएगी। बैठक के अंत में सभी लोगों ने आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए त्योहार मनाने का संकल्प लिया।


