मऊगंज में मानव सेवा की मिसाल: 44 मरीजों की आंखों का निशुल्क ऑपरेशन, नईगढ़ी में 234 लोगों का निशुल्क परीक्षण

नईगढ़ी में निशुल्क नेत्र शिविर, हितार्थ फाउंडेशन द्वारा आयोजित शिविर में 234 मरीजों की जांच; 44 को मोतियाबिंद, ऑपरेशन के लिए चित्रकूट भेजा

मऊगंज में मानव सेवा की मिसाल: 44 मरीजों की आंखों का निशुल्क ऑपरेशन, नईगढ़ी में 234 लोगों का निशुल्क परीक्षण

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

अंधत्व मुक्त समाज के संकल्प के साथ हितार्थ फाउंडेशन नईगढ़ी मऊगंज द्वारा सोमवार, 12 अक्टूबर को नईगढ़ी में निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रतिमाह 12 तारीख को आयोजित होने वाले नियमित शिविर की कड़ी में इस माह का विशेष शिविर भी सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ।

शिविर में सतगुरु नेत्र चिकित्सालय जानकीकुंड चित्रकूट से आए नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों से 234 नेत्र रोगियों का परीक्षण किया। जांच के दौरान 44 मरीजों में मोतियाबिंद जैसी गंभीर बीमारी पाई गई। दृष्टिहीनता की कगार पर पहुंचे इन मरीजों को तत्काल चिन्हित कर लेंस प्रत्यारोपण के लिए विशेष वाहन से चित्रकूट भेजा गया, जहां उनका निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
शेष सामान्य नेत्र रोगियों को मौके पर ही निशुल्क दवाइयां एवं बचाव संबंधी चिकित्सकीय सलाह दी गई।

हितार्थ फाउंडेशन के प्रमुख राजेंद्र पयासी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता के अभाव में लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते और धीरे-धीरे आंखों की रोशनी खो देते हैं। इसी पीड़ा को समझते हुए फाउंडेशन हर माह निशुल्क शिविर आयोजित कर रहा है।

इस कार्य में समाजसेवी राममिलन प्रजापति, राजरमन पटेल, रामपाल सिंह उचेहरा, शिव शंकर चतुर्वेदी, श्रीकांत तोमर, रामाश्रय नामदेव, बाला प्रसाद गौतम, बृजेंद्र गुप्ता, रामदयाल शर्मा, निलेश मिश्रा, अशोक सोनी, प्रशांत मिश्रा सहित सभी समाजसेवियों का सराहनीय सहयोग रहा।