मऊगंज पिकअप हादसा: महिला की मौके पर मौत

मऊगंज जिले के नईगढ़ी कस्बे में रविवार के तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार पिकअप की ठोकर से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। पिकअप की ठोकर इतनी तेज रही कि महिला का कमर से नीचे का पूरा शरीर कुचल गया। कस्बे के बीच घटित हादसे को लेकर स्थानीय ग्रामीण एवं पीड़ित परिवार का आरोप है कि पिकअप चालक ने जानबूझकर महिला के ऊपर गाड़ी चढ़ाई है।

मऊगंज पिकअप हादसा: महिला की मौके पर मौत
google

रविवार 12 अप्रैल को तड़के करीब 4 बजे मऊगंज जिले के नईगढ़ी कस्बा निवासी आदिवासी परिवार की दर्जन भर महिलाएं गेहूं की फसल काटने पैदल जा रही थीं। जैसे ही महिलाएं नईगढ़ी किला के पास पहुंचीं, इस बीच विपरीत दिशा से तेज रफ्तार, लहराती हुई आ रही पिकअप को देख महिलाओं ने हल्ला-गुहार मचाते हुए बचने का प्रयास किया। लेकिन आरोप है कि इस बीच अचानक पिकअप चालक ने वाहन को एकाएक बैक गियर लगाकर तेज रफ्तार के साथ पीछे किया, जिससे पिकअप की चपेट में आने से नईगढ़ी कस्बे के वार्ड क्रमांक 14 निवासी शकुंतला आदिवासी, पति लव आदिवासी, पिकअप वाहन की चपेट में आ गईं, जिससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मौके से फरार हुआ वाहन चालक

हादसे के बाद अन्य महिलाओं की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग पहुंचे और पिकअप चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पिकअप चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर भाग निकला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप चालक एवं उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति, दोनों नशे की हालत में थे। इधर हादसे की सूचना नईगढ़ी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर लोगों की मदद से मृतक महिला के शव को पीएम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नईगढ़ी ले जाया गया।

जानबूझकर पिकअप चढ़ाने का आरोप

रविवार के तड़के घटित भीषण सड़क हादसे में मजदूर महिला की हुई दर्दनाक मौत के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी अनीता कोल, सोनिया कोल सहित अन्य महिलाओं एवं स्थानीय निवासी प्रेमलाल बहेलिया के अनुसार, एक ही मोहल्ले की सभी महिलाएं खेत काटने जा रही थीं। इस दौरान जैसे ही वे किला के समीप पहुंचीं, सामने से तेज रफ्तार, लहराता हुआ पिकअप वाहन गुजरा। महिलाओं ने तेज आवाज में कहा—ठीक से वाहन चलाओ, जो वाहन चालक को नागवार गुजरा।

इसके बाद पिकअप वाहन चालक ने अचानक बैक गियर लगाकर तेज स्पीड में गाड़ी पीछे कर दी। चालक द्वारा वाहन बैक करते देख अन्य महिलाएं जान बचाने के लिए दूसरी तरफ दौड़ पड़ीं। शकुंतला आदिवासी एक घर के सामने बने चबूतरे पर चढ़कर जान बचाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन चबूतरे पर चढ़ने से पहले ही तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गईं और महिला का कमर से नीचे का पूरा शरीर कुचल गया, जिसके कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जांच कार्यवाही में जुटी पुलिस

लोडर पिकअप वाहन की चपेट में आने से मजदूर महिला की हुई दर्दनाक मौत के संबंध में नईगढ़ी थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा वाहन चालक पर जानबूझकर वाहन चढ़ाए जाने के आरोप लगाए गए हैं। हादसे की गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। जांच उपरांत जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधि-संगत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।