छात्रावास में 42 में से सिर्फ 2 विद्यार्थी मिले: भोजन और बिस्तरों की कमी, अधीक्षक प्रभात रावत सस्पेंड
मऊगंज के पिपराही छात्रावास में लापरवाही पर कलेक्टर का एक्शन, प्रभारी अधीक्षक प्रभात रावत तत्काल मुख्यालय अटैच
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज। जिले के हनुमना विकासखंड अंतर्गत आने वाले पिपराही छात्रावास में मिली गंभीर अनियमितताओं पर कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी छात्रावास अधीक्षक प्रभात कुमार रावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह अनुसूचित जनजाति सीनियर बालक छात्रावास पिपराही का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में दर्ज 42 विद्यार्थियों में से मौके पर मात्र 2 विद्यार्थी उपस्थित मिले।

जांच में कई गंभीर खामियां उजागर
छात्रावास में बिस्तरों की भारी कमी, दोपहर तक भोजन तैयार न होना, रसोई में खराब खाद्य सामग्री का मिलना और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री का अभाव पाया गया। इतना ही नहीं छात्रावास परिसर में अनधिकृत रूप से निजी ट्रैक्टर खड़ा मिला, जो शासकीय परिसर के दुरुपयोग को दर्शाता है।

कलेक्टर ने इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन की कार्यवाही की है। निलंबन अवधि में अधीक्षक प्रभात रावत का मुख्यालय कार्यालय जिला संयोजक, अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग मऊगंज निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

कलेक्टर की इस सख्त कार्यवाही से स्पष्ट संदेश गया है कि बच्चों के भोजन, आवास और शासन की योजनाओं से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्यवाही के बाद जिले के अन्य छात्रावास प्रभारियों में भी हड़कंप मच गया है।
Varsha Shrivastava 
